भराड़ी (बिलासपुर)। भराड़ी थाना के तहत लेठवीं कस्बे में वीरवार रात दुकान में आग लग गई। करीब 24 लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया। आग के कारण दुकान और ऊपर बने रिहायशी मकान की दीवारों में भी दरारें आ गईं। हालांकि आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। जानकारी के अनुसार लेठवीं कस्बे में नरेश कुमार मनियारी व डेली नीड़ की दुकान करता है।
रोजाना की तरह वह दुकान बंद करके घर चला गया। वीरवार रात करीब 1 बजे दुकान की ऊपरी मंजिल पर रहने वाले मकान मालिक को धुआं निकलता दिखाई दिया।
उन्होंने उठकर देखा तो दुकान से आग की लपटें निकल रही थीं। उन्होंने तुरंत दुकानदार को फोन किया। जब तक दुकानदार मौके पर पहुंचा आग की लपटें पूरी तरह से फैल चुकी थीं। स्थानीय लोगों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया। लेकिन, दुकान के अंदर रखे सामान को नहीं बचाया जा सका।
अग्निशमन वाहन भी मौके पर पहुंचा। लेकिन, तब तक सामान जल चुका था। बताया जा रहा है कि करीब 24 लाख रुपये का सामान जलकर राख हुआ है।
भराड़ी थाना प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि मामला दर्ज कर छानबीन की जा रही है। दुकानदार के मुताबिक करीब 24 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।