श्री नयना देवी जी (बिलासपुर)। पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर ने कहा कि प्रदेश की 2,982 पंचायतों में कॉमन सर्विस सेंटर बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। सर्विस सेंटरों के लिए 150 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की गई है। 982 की कॉमन सर्विस सेंटरों को स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। पंचायती राज मंत्री शुक्रवार को ग्राम पंचायत मंझेहड़ में 32 लाख की लागत से बनाए जा रहे पंचायत भवन का शिलान्यास करने के बाद जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
मंत्री वीरेंद्र कंवर ने कहा कि बिलासपुर में भी 24 पंचायतों के लिए कॉमन सर्विस सेंटर स्वीकृत हुए हैं। 18 सेंटरों को तैयार कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में विकास को गति देने और पंचायती राज व्यवस्था को मजबूती देने के लिए नई पंचायतों का गठन किया गया है। प्रदेश में नई पंचायतों में आधुनिक तरीके से मिनी सचिवालय की तर्ज पर पंचायत भवन बनाए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पंचायतों में स्टाफ की कमी को दूर करने के लिए 549 सचिवों के पद शीघ्र भरे जा रहे हैं। 124 ग्राम रोजगार सेवकों के पद भरने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। कंवर ने कहा कि प्रदेश में पशुओं के लिए पशु मोबाइल एंबुलेेंस (पशु सेवा) योजना आरंभ की जा रही है। इस सेवा से गांव-गांव में पशुओं का उपचार किया जाएगा। पहले चरण में यह सेवा 44 उप मंडलों में आरंभ की जा रही है। इस मौके पर उन्होंने टाली पंचायत के पशु औषधालय को पशु चिकित्सालय, स्वारघाट-मंझहेड़ वाया मतनोह सड़क के पास होने के साथ ही हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस की सुविधा देने की घोषणा की।