बिलासपुर। बरठीं बाजार में डिवाइडर को लेकर लंबे से चला रहा विवाद जल्द हल किया जाएगा। जिला उपायुक्त पंकज राय ने यह भरोसा बरठीं बाजार के कारोबारियों को दिलाया है। इस माममले में उपायुक्त स्वयं बरठीं बाजार का निरीक्षण करेंगे। उन्होंने डिवाइडर विवाद के हल के लिए 15 दिन का समय व्यापारियों से मांगा है।
शुक्रवार को बिलासपुर के बचत भवन में बरठीं बाजार में लगे डिवाइडर के मामले को लेकर स्थानीय व्यापारियों ने उपायुक्त पंकज राय के साथ बैठक की। इस दौरान बरठीं बाजार में लगे डिवाइडर पर उठे विवाद को लेकर प्रमुखता से चर्चा की गई। व्यापारियों ने उपायुक्त को बताया कि बरठीं बाजार में डिवाइडर लगने के बाद जाम की समस्या पैदा हो गई है। कई कारोबारियों का कारोबार भी प्रभावित हुआ है। व्यापारियों ने उपायुक्त को डिवाइडर विवाद पर किए गए चक्का जाम को लेकर कारोबारियों पर हुई एफआईआर के बारे में भी अवगत करवाया।
बैठक में उपायुक्त ने कहा कि बरठीं बाजार की हालत सुधारने के लिए टारिंग, ड्रेनेज कार्य के अलावा अन्य कार्य करवाए जाएंगे। लोक निर्माण विभाग को रिपोर्ट देने के लिए कहा गया है। उन्होंने कहा कि बाजार में अतिक्रमण पर भी कार्यवाही की जाएगी। वाहनों की पार्किंग की समस्या से निजात दिलाने के लिए सड़क पर पीली लाइन लगाई जाएगी। इस दौरान बरठीं पंचायत प्रधान कुलदीप धीमान, उपप्रधान राकेश मेहता, राजकुमार कौशल, अजय चंदेल, संतोष सोनी, नरेश धीमान, पूर्व जिला परिषद सदस्य हरीश धीमान, नवीन सोनी, व्यापार मंडल प्रधान अनिल गौतम, सतीश गौतम, पंकज सहित अन्य मौजूद रहे।