घुमारवीं (बिलासपुर)। चाइल्ड लाइन बिलासपुर की टीम ने भिक्षावृत्ति कर रहे पांच बच्चों को बाल कल्याण समिति के हवाले किए हैं। शिकायत के आधार पर हेल्पलाइन ने यह कार्रवाई की है।
चाइल्ड हेल्पलाइन के जिला समन्वयक रविंद्र कुमार ने बताया कि बिलासपुर में प्रवासी मजदूरों के बच्चों की भिक्षावृत्ति को लेकर लगातार शिकायत मिल रही थी। शिकायत में बताया गया कि उक्त बच्चे लोगों के घर-घर जाकर और बाजार में भीख मांग रहे हैं। इन शिकायतों के आधार पर सोमवार को चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम ने पांच बच्चों को अपने संरक्षण में लिया। मौके पर इन बच्चों को भीख मांगते हुए पाया गया। इन बच्चों में एक लड़का और चार लड़कियां हैं। उन्होंने कहा कि संरक्षण में लिए गए बच्चों को अगली कार्रवाई के लिए बाल कल्याण समिति बिलासपुर के सामने पेश कर दिया गया है। रविंद्र कुमार ने आम जनता से आग्रह किया है कि भिक्षावृत्ति या बाल मजदूरी करते बच्चों, बाल शोषण, मारपीट या ऐसे बच्चे जिन्हें संरक्षण वह सहायता की आवश्यकता हो आदि मामलों की सूचना चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 को दें। इस मौके पर परामर्श करता प्रवीणा कुमारी, टीम सदस्य रीना शर्मा व स्वैच्छिक कार्यकर्ता श्यामलाल मौजूद रहे।