बिलासपुर। क्षेत्रीय अस्पताल में महिला दंत चिकित्सक पर मरीज के साथ दुर्व्यवहार करने का आरोप लगा है। महिला मरीज के बेटे ने इसकी शिकायत चिकित्सा अधीक्षक से की है। चिकित्सा अधीक्षक मामले की जांच कर रहे हैं।
शिकायतकर्ता राज वर्मा निवासी बिलासपुर ने बताया कि उनकी मां अस्पताल में दंत चिकित्सक के पास जांच करवाने गई। चिकित्सक ने बीमारी का इतिहास पूछा तो मां ने बताया कि रौड़ा सेक्टर डिस्पेंसरी में चिकित्सक से दांत निकलवाया है। अब दूसरे दांत में भी दर्द हो रहा है। यह सुनकर महिला चिकित्सक गुस्सा हो गई। उन्होंने जांच करने से इनकार कर दिया। पर्ची भी फाड़ दी। महिला दंत चिकित्सक ने कहा कि जांच नहीं करेंगी, जहां पहले जांच करवाई है, वहां चले जाओ। मां ने जांच करने का अनुरोध किया और कहा कि डिस्पेंसरी में चिकित्सक नहीं हैं। महिला चिकित्सक ने मां को कमरे से बाहर धकेल दिया। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. संजीव वर्मा ने बताया कि जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।