बिलासपुर। एम्स बिलासपुर में ओपीडी शुरू होने के लिए अभी एक माह का समय और लग सकता है। पहले अक्तूबर में ओपीडी शुरू करने की तारीख तय की गई थी। लेकिन अभी मेडिकल उपकरण आने बाकी हैं। नवंबर माह के अंतिम सप्ताह में ओपीडी की सुविधा लोगों को मिल जाएगी। 8 विशेषज्ञ चिकित्सक लोगों के स्वास्थ्य की जांच करेंगे।
प्रदेश के सबसे बड़े स्वास्थ्य संस्थान में स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने का लोग लंबे अरसे से इंतजार कर रहे हैं। मेडिकल उपकरण न पहुंचने के कारण यह इंतजार लंबा हो गया है। जिला प्रशासन और एम्स प्रबंधन का कहना है कि ओपीडी को अक्तूबर में शुरू किया जाना प्रस्तावित था। लेकिन कुछ कारणों के कारण अब नवंबर के अंतिम माह से ओपीडी शुरू करने की योजना है। जिले की चार लाख की आबादी और प्रदेशभर के लोगों को एम्स में शुरूआती दौर में अल्ट्रासाउंड, एक्सरे, सीटी स्कैन और अन्य टेस्ट की सुविधा नवंबर के अंतिम सप्ताह से मिलने लगेगी।
बतातें चलें कि नेशनल बिल्डिंग कंस्ट्रक्शन कंपनी ने दिसंबर 2019 में आयुष ब्लॉक को तैयार कर एम्स प्रबंधन को सौंप दिया है। 80 विशेषज्ञ चिकित्सक जनवरी 2020 में एम्स में तैनात हो चुके हैं। लेकिन उन्होंने बिना मेडिकल उपकरणों के ओपीडी शुरू न करने की सलाह दी है। एम्स में जल्द ही मेडिकल उपकरण पहुंचने की उम्मीद है।
बाक्स
एम्स में अभी कुछ स्वास्थ्य उपकरण आने बाकी हैं। उपकरण नवंबर माह में पहुंच जाएंगे। इनको सेटअप करने और अन्य तैयारियां पूरी करके ओपीडी शुरू कर दी जाएगी।
रूपाली, अध्यक्ष, मीडिया मैनेजमेंट कमेटी एम्स
बाक्स
अभी कुछ मशीनें लगाई जा रही हैं। इसके लिए थोड़ा समय और लग सकता है। नवंबर के अंतिम सप्ताह तक ओपीडी शुरू हो जाएगी।
पंकज राय, उपायुक्त बिलासपुर