-एएनटीएफ कुल्लू की टीम को नाकाबंदी के दौरान मिली सफलता
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स कुल्लू की टीम ने शनिवार सुबह किरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर भगेड़ के पलथी गांव के पास निजी वोल्वो बस में सवार राजस्थान के एक व्यक्ति को 407 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है। एएनटीएफ टीम ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई के लिए पुलिस थाना घुमारवीं की टीम को सौंप दिया है।
जानकारी के अनुसार एएनटीएफ कुल्लू की टीम ने सुबह फोरलेन पर भगेड़ के पलथी में नाका लगाया हुआ था और वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान टीम ने कसोल से दिल्ली जा रही निजी वोल्वो बस को जांच के लिए रोका तो बस में बैठा एक व्यक्ति टीम को देखकर घबरा गया। जब टीम ने शक के आधार पर उसकी तलाशी ली, तो उसके पास से 407 ग्राम चरस बरामद हुई। आरोपी की पहचान सफी मोहम्मद निवासी पुरानी मस्जिद अनंतपुर जिला कोटा राजस्थान के रूप में हुई है। मामले की पुष्टि डीएसपी घुमारवीं चंद्रपाल ने की है।