-मंदिर में 26 दिनों में चढ़ा 81 लाख रुपये का चढ़ावा
-मेले के अंतिम दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या में हुई बढ़ोतरी
संवाद न्यूज एजेंसी
शाहतलाई (बिलासपुर)। प्रसिद्ध तीर्थ स्थल बाबा बालक नाथ जी की तपोभूमि शाहतलाई में शनिवार को 30,000 श्रद्धालुओं ने माथा टेका। मंदिर के कपाट खुलते ही श्रद्धालुओं की लाइन लगनी शुरू हो गई। 26 दिनों में मंदिर न्यास को 81 लाख 34 हजार रुपये का नकद चढ़ावा प्राप्त हुआ है।
बाबा बालक नाथ जी की तपोभूमि में चल रहा चैत्र मेला अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच गया है। इसके साथ ही श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। चैत्र मेले में पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और विदेशों से लाखों श्रद्धालु बाबा के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। बाबा जी की धार्मिक नगरी बाबा के जयकारों से गूंज रही है। मंदिर न्यास प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधा देने के प्रयास किए गए हैं। श्रद्धालुओं के लिए मंदिर के कपाट सुबह 4:00 बजे खोल दिए जा रहे हैं और रात 11:00 बजे बंद किए जा रहे हैं। मेला प्रभारी और झंडूता के नायब तहसीलदार जगदीश चंद ने बताया की बाबा जी के मंदिर में श्रद्धालुओं संख्या बढ़ रही है। मंदिर में श्रद्धालुओं को लाइन में बाबा जी के दर्शन करवाए जा रहे हैं। प्रशासन सुरक्षा की दृष्टि से पुख्ता प्रबंध किए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने बताया कि 26 दिनों में 81 लाख 34 हजार रुपये नकद चढ़ावे के रूप में प्राप्त हुए हैं। उधर स्थानीय थाना प्रभारी अमीता चौधरी के नेतृत्व में पुलिस ने कानून व्यवस्था और यातायात व्यवस्था सही ढंग से बनाए रखी है।