खुफिया एजेंसियों की जांच में सामने आई नई जानकारी
खुफिया एजेंसियों की जांच में उसके ऐसे इंस्टाग्राम समूह से जुड़े होने की जानकारी सामने आई है, जिसमें आतंकी ओसामा बिन लादेन की विचारधारा से प्रभावित सामग्री साझा की गई है। जांच एजेंसियों से मिले इनपुट के अनुसार यूनाइट उम्माह नाम के इंस्टाग्राम समूह से जुड़े कुछ सोशल मीडिया अकाउंट की गतिविधियां जांच के दायरे में हैं। इन अकाउंट के जरिये युवाओं को कट्टरपंथ की ओर आकर्षित करने और भर्ती करने की आशंका जताई गई है। कुछ सदस्यों के ओसामा बिन लादेन की विचारधारा से प्रभावित होने और भारतीय सेना व जांच एजेंसियों के खिलाफ गतिविधियों से संबंधित सामग्री साझा किए जाने की भी जानकारी जांच एजेंसियों को मिली है। शिकायत में कर्नाटक के दो सोशल मीडिया यूजर के हमीरपुर में रह रहे हमजा से संपर्क होने की बात भी सामने आई है।
हमजा के तमाम संपर्कों की जानकारी जुटा रही हैं एजेंसियां
जांच एजेंसियां हमजा के तमाम संपर्कों की जानकारी जुटा रही हैं। यूनाइट उम्माह के अलावा मुजाहिद ए इस्लाम और वन उम्माह नाम के इंस्टाग्राम समूहों में भी कुछ सदस्यों के सक्रिय होने की जानकारी जांच में सामने आई है। इन समूहों में एक पाकिस्तानी नागरिक के सदस्य होने की बात भी कही गई है। जिहाद के नाम पर लोगों को प्रेरित करने और परिवार छोड़कर इसके लिए काम करने संबंधी गतिविधियों की भी जांच की जा रही है। एजेंसियों ने पाकिस्तान इंटेलिजेंस नेटवर्क से किसी प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष संबंध, जासूसी अथवा राष्ट्रविरोधी गतिविधियों में संलिप्तता की संभावनाओं की जांच की सिफारिश की है।