रादौर। गांव नागल में संदिग्ध परिस्थितियों में युवक ने कमरे में पंखे पर लटककर आत्महत्या कर ली। काफी देर युवक के बाहर न आने पर परिजनों ने कमरे में देखा तो घटना का पता चला। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच की और शव कब्जे में ले लिया।
पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया। युवक के आत्महत्या करने के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। युवक की शिनाख्त नागल निवासी 25 वर्षीय मोहसिन खान के रूप में हुई है। पुलिस ने युवक के पिता के बयान पर इत्तफाकिया कार्रवाई की है। नागल निवासी इकबाल खान ने बताया कि उसका 25 वर्षीय बेटा मोहसिन खान कोई काम नहीं करता था और घर पर रहता था। उसने बताया कि वह नशे का आदी था और इसी कारण परेशान रहता था। इकबाल ने बताया कि मोहसिन कई दिन से मानसिक रूप से परेशान था।
मोहसिन खान शुक्रवार रात को खाना खाकर अपने कमरे में सोने चला गया था। सुबह जब काफी देर तक वह कमरे से बाहर नहीं आया। जिस पर परिजन उसे उठाने के लिए गए। कमरे में जाकर देखा कि मोहसिन पंखे पर लगे फंदे से लटका हुआ है। जिसकी सूचना परिजनों ने पुलिस को दी और उसे फंदे से नीचे उतारा। पुलिस ने इकबाल के बयान पर कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।