बेमौसम भारी बारिश ने किसानों की छह महीने की मेहनत पर पानी फेर दिया है। खेतों में पककर तैयार हुई फसल तेज बारिश व हवा से जमीन पर बिछ गई और खेतों में पानी भर गया है। किसानों की मांग है कि नुकसान की गिरदावरी कराकर किसानों को मुआवजा दिया जाए।
किसान कर्मवीर, हरविंद्र सिंह, किरण पाल, कुलदीप, सुरजीत सिंह व संजीव ने बताया कि छछरौली क्षेत्र में वीरवार को तेजी बारिश के साथ हवा चली। बारिश व तेज हवा के कारण खेत में तैयार खड़ी धान की फसल जमीन पर बिछ गई है। बारिश से खेतों में पानी भर गया है। जमीन पर बिछी फसल पूरी तरह से पानी में डूब गई है।