यमुनानगर। दूसरे राज्यों में काम करने वाले लोगों का अपनों संग होली खेलने का सफर आसान नहीं होगा। होली से एक माह पहले ही ट्रेनों में वेटिंग के चलते परिवार के साथ होली मनाने की योजना बनाने वाले निराश नजर आ रहे हैं। होली पर घर जाने के लिए ट्रेन में सीट के लिए इंतजार करना पड़ रहा है। यमुनानगर जगाधरी रेलवे स्टेशन से पूर्वोत्तर भारत जाने वाली गाड़ियों में सीट ही नहीं मिल पा रही है।
यमुनानगर जगाधरी रेलवे स्टेशन की रूट पर जाने वाली गाड़ियों में अभी से प्रतीक्षा सूची जारी हो गई। परेशानी से बचने के लिए कुछ लोगों ने चार महीने पहले से ही आरक्षण करवा लिया था। वहीं कुछ दिन पहले आरक्षण कराने वालों को अधिकांश गाड़ियों में वेटिंग मिल रही है। कुछेक गाड़ियों में प्रतीक्षा सूची 50 के पार हो चुकी है। ऐसे में अपनों के संग होली खेलने की चाह का सफर मुश्किल होता दिखाई दे रहा है।
कोरोना संक्रमण के चलते सभी गाड़ियों का संचालन नहीं किया जा रहा है। कुछ गाड़ियां अभी भी बंद हैं या उन्हें साप्ताहिक चलाया जा रहा है। ऐसे में गाड़ियों की कम संख्या भी लोगों के लिए परेशानी बनी हुई है। यमुनानगर जगाधरी रेलवे से गुजरने वाली हावड़ा एक्सप्रेस, हरिहरनाथ, टाटानगर एक्सप्रेस सहित कुछ गाड़ियां अनियमित रूप से स्थगित हैं। ऐसे में लोगों को सीट के लिए ज्यादा परेशानी हो रही है।
हावड़ा मेल में नहीं कोई सीट
अमृतसर से हावड़ा जाने वाली हावड़ा अमृतसर मेल में अभी से नो रूम स्टेटस है। इस ट्रेन में दस से 13 फरवरी तक वेटिंग चल रही है। इन दिनों वेटिंग 150 के पार है, जबकि 15 फरवरी से गाड़ी में कोई सीट नहीं है। फरवरी के पूरे महीने ट्रेन में वेटिंग भी नहीं मिल पा रही है। जबकि एक मार्च से वेटिंग 60 के पार है। इसी तरह फिरोजपुर से चलकर धनबाद जाने वाली गंगा सतलुज एक्सप्रेस में भी प्रतीक्षा सूची चल रही है। इस दौरान इसमें 15 फरवरी को 45 वेटिंग है। जबकि इसके अगले दिनों में 55, 26, 32 वेटिंग है। इस ट्रेन में भी 28 फरवरी तक वेटिंग है। जबकि मार्च के पहले चार दिन सीट मिल रही है। इसके बाद 15 मार्च तक के लिए वेटिंग 80 के पार पहुंच गई है। इसके अलावा चंडीगढ़ से लखनऊ जाने वाली सुपरफास्ट एक्सप्रेस में 15 फरवरी को 68, 16 फरवरी को 70, 17 फरवरी 38, 18 फरवरी को 42 वेटिंग है। इस ट्रेन में फरवरी के बाद मार्च के पहले सप्ताह तक वेटिंग 70 के पार है। जबकि इसके बाद प्रतीक्षा सूची और अधिक है।
वर्जन
कुछ गाड़ियां कोरोना संक्रमण व कुछेक कोहरे के कारण पूर्ण व आंशिक रूप से रद्द हैं। इस माह के अंत तक गाड़ियों का संचालन नियमित रूप से होगा। त्योहार में भीड़ बढ़ने को लेकर रणनीति बनाई जा रही है।
-हरिमोहन, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक।