यमुनानगर। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं जिलाधीश पार्थ गुप्ता ने जिला सचिवालय के कांफ्रेंस हाल में कोविड-19 की महामारी से बचाव के लिए टीकाकरण अभियान के बारे में एक विशेष बैठक ली। उन्होंने बताया कि जिले को स्वास्थ्य विभाग द्वारा सीएससी के अनुसार नौ खंडों में बांटा गया है व प्रत्येक खंड में एक उच्च अधिकारी को नोडल अधिकारी के तौर पर नियुक्त किया गया है जो अपने खंड में कोविड टीकाकरण की पूर्ण प्रक्रिया का निरीक्षण करेंगे।
उन्होंने बताया कि जिला में बचे हुए लाभार्थियों को दोनों डोज के टीके लगाने व पूर्ण टीकाकरण के लिए टीकाकरण अभियान में तेजी लाने के लिए विशेष निर्देश दिया। ताकि जिला में टीकाकरण अभियान को बढ़ावा दिया जा सके और लोगों को कोरोना महामारी से बचाया जा सकें। इस दौरान जगाधरी एसडीएम सुशील कुमार, बिलासपुर एसडीएम जसपाल सिंह गिल, नगराधीश देवेंद्र शर्मा, जिला राजस्व अधिकारी रामफल कटारिया, सिविल सर्जन विजय दहिया, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी शंकर लाल गोयल, जिला शिक्षा अधिकारी सतपाल कौशिक, महिला एवं बाल विकास विभाग की जिला कार्यक्रम अधिकारी संतोष नैन, खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी जोगेश कुमार व अन्य बीडीपीओ सहित स्वास्थ्य विभाग व अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।