Truck coming from mining zone broke electric poles, people were troubled by power failure, heat
- फोटो : Yamuna Nagar
जगाधरी। गांव साबापुर में माइनिंग जोन से खनन सामग्री लेकर आ रहे ट्रक ने बिजली के खंभे तोड़ दिए। कई खंभे टूटकर सड़क के बीच में गिर गए। इससे पूरे गांव की बिजली गुल हो गई। गर्मी से परेशान लोग सड़क पर उतर आए और माइनिंग जोन से आ रहे ट्रकों व डंपरों को लेकर रोष जताया। सड़क के बीच में खंभे व तार गिरने से माइनिंग में जाने व आने वाले दर्जनों ट्रक रातभर गांव में ही फंसे रहे। लोगों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि प्रशासन ने गांव से गुजरने वाले वाहनों पर प्रतिबंध नहीं लगाया तो वह खुद ही इन्हें रोक देंगे। इसके अलावा जठलाना के गांव बरेहड़ी में भी देर रात अज्ञात वाहन ने बिजली के खंभे तोड़ दिए जिससे सारी रात व रविवार को दिनभर गांव में बिजली गुल रही।
गांव साबापुर के निवासी फूल कुमार, रामपाल, संदीप व अन्य लोगों ने बताया माइनिंग जोन से रोजाना सैकड़ों वाहन बाकरपुर से होते हुए उनके गांव से होकर जगाधरी निकलते हैं। रेत, बजरी व गटका से भरे यह ट्रक इतने तेज चलते हैं कि इनसे हर समय हादसा होने का डर रहता है। लोगों को घर के सामने की सड़क पार करने से पहले भी कई बार सोचना पड़ता है। शनिवार रात माइनिंग जोन से आ रहे ट्रक ने गांव में बिजली के कई खंभे तोड़ दिए। तारों के आपस में टकराने से जोरदार धमाका हुआ। जिससे गांव की बिजली गुल हो गई। बिजली के जाते ही लोग गर्मी से बेहाल हो गए और घरों से बाहर निकल आए। लोगों ने इसकी सूचना बिजली कर्मचारियों को दी। एक बिजली कर्मचारी रात को आया और टूटे पोल देखकर वापस चला गया। इसके बाद पुलिस आई और आरोपी ट्रक चालक को साथ लेकर चली गई। रविवार की सुबह बिजली कर्मचारी गांव में गए और पोल व तारों को दुरुस्त करने में जुटे रहे।
Truck coming from mining zone broke electric poles, people were troubled by power failure, heat- फोटो : Yamuna Nagar