Roadways bus collided with tree due to steering jam, 25 passengers were on board
- फोटो : Yamuna Nagar
यमुनानगर। जगाधरी-बिलासपुर स्टेट हाईवे पर गांव हरनौली के अड्डे के नजदीक होटल एनबीआर के सामने सड़क से उतरकर हरियाणा रोडवेज की बस पेड़ से टकरा गई। इसके बाद बस तिरछी होकर एक तरफ झुक गई। ड्राइवर के अनुसार बस की टाई रॉड निकल गई थी और स्टेयरिंग भी फेल हो गया था। हादसे में बस में सवार किसी भी यात्री को चोट नहीं लगी। यात्री दूसरे वाहनों में सवार होकर गंतव्य को पहुंचे। देर रात रोडवेज कर्मचारियों ने क्रेन की मदद से बस को खेतों से निकाला और उसे रोडवेज वर्कशॉप लेकर गए।
शनिवार रात हरियाणा रोडवेज यमुनानगर डिपो की बस नाहन से यमुनानगर बस स्टैंड आ रही थी। बस में करीब 25 सवारियां थी। रात को बस बिलासपुर-जगाधरी स्टेट हाईवे से आ रही थी। बस के ड्राइवर सोनीपत निवासी सुरेश ने बताया कि जैसे ही बस भेड़थल व हरनौली के बीच होटल एनबीआर के सामने पहुंची तो अचानक बस का स्टेयरिंग फेल हो गया और उसकी टाई रॉड भी निकल गई। इससे बस अनियंत्रित हो गई और सड़क से नीचे उतरकर पेड़ से टकरा गई। इससे बस में सवार यात्री सहम गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की काफी भीड़ लग गई। लोगों ने भी यात्रियों को बस से बाहर निकालने में मदद की। यात्रियों के अनुसार बस जब टकराई तो उस समय उसकी गति काफी कम थी। यदि तेज होती तो लोगों की जान भी जा सकती थी। बाद में क्रेन की मदद से बस को खेतों से निकाला गया।