छछरौली। रायपुर-डमोली के राजकीय माध्यमिक विद्यालय में गुंडागर्दी का मामला सामने आया है। इस दौरान प्रधानाचार्य से भी अभद्रता की गई। प्रधानाचार्य की ओर से शिक्षा विभाग और पुलिस में शिकायत दी गई है। साथ ही घटना की वायरल हो रही वीडियो से भी अवगत कराया गया है। वीडियो में एक व्यक्ति महिला प्रधानाचार्य से अभद्रता करता नजर आ रहा है।
स्कूल की प्रधानाचार्य ने बताया कि शुक्रवार को पंचायत विभाग से अधिकारी उनके स्कूल में निरीक्षण के लिए आए हुए थे। इस दौरान डमौली गांव का एक व्यक्ति अपने साथ रायपुर गांव के एक व्यक्ति को लेकर पहुंचा। आरोपी व्यक्ति उनके साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए गाली गलौज करने लगा। उन्होंने बताया कि आरोपी व्यक्ति का बेटा गांव के ट्यूबवेल पर ऑपरेटर है, जिसे स्कूल में पानी की कमी के चलते मोटर चलाने के लिए कहा गया था। उसने भी उनके साथ बदतमीजी की। पंचायत विभाग के कार्य के लिए स्कूल में आए पंचायत सचिव के सामने भी उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया। उन्होंने समझाया कि बच्चों के सामने ऐसी अभद्र भाषा का प्रयोग न करें। इसके बावजूद बीच-बचाव करने आए एक बच्ची के अभिभावक के साथ भी आरोपी ने हाथापाई की। प्रधानाचार्या ने बताया कि उन्होंने इसकी शिकायत पुलिस और शिक्षा विभाग को दे दी है।
छछरौली थाना के जांच अधिकारी बलदेव राज ने बताया कि स्कूल की प्रधानाचार्य ने उन्हें शिकायत दी है, जिस पर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। मामले में जांच के बाद उचित कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
वहीं आरोपी डमोली निवासी व्यक्ति का कहना है कि स्कूल की प्रधानाचार्य द्वारा स्कूल प्रांगण से बिना अनुमति के पेड़ कटवा दिए गए थे, जिसकी उन्होंने शिकायत की थी। उन्होंने स्कूल की प्रधानाचार्य के साथ कोई बदतमीजी नहीं की। उन्हें पता चला है कि उनके खिलाफ पुलिस में शिकायत दी गई है, जिसके बाद उन्होंने भी स्कूल की प्रधानाचार्य के खिलाफ शिकायत दी है।