यमुनानगर। सड़कों पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ नगर निगम अब सख्त हो गया है। इसी कड़ी के तहत निगम की टीम ने वर्कशॉप रोड व यमुनानगर बस अड्डे के आसपास दुकानदारों द्वारा किए गए अतिक्रमण को हटाया। इस दौरान ढाबा संचालकों द्वारा बनाए गए थड़ों व रैंप को जेसीबी की मदद से ध्वस्त किया गया। अधिकारियों ने अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों के चालान भी किए।
नगर निगम की टीम जेसीबी, ट्रैक्टर ट्रॉली व अन्य वाहनों के साथ जगाधरी वर्कशॉप रोड पर पहुंची। टीम ने दुकानदारों द्वारा सड़क पर रखे बोर्ड व सामान उठाकर निगम के वाहन में लोड किया। इस दौरान कुछ दुकानदारों ने विरोध भी किया, किंतु कर्मचारियों ने किसी की एक नहीं सुनी और कार्रवाई करके चले गए।
इसके बाद निगम की टीम बस अड्डे के सामने पहुंची। यहां टीम ने ढाबा संचालक द्वारा बनाए गए थड़े व रैंप को जेसीबी की मदद से तोड़ डाले। उन्हें हटाकर निगम द्वारा स्थाई अतिक्रमण साफ किया गया। अतिक्रमण करने वाले कई दुकानदारों के चालान भी किए गए। सीएसआई अनिल नैन व सेनेटरी इंस्पेक्टर गोविंद शर्मा ने बताया कि शहर की सड़कों पर कुछ दुकानदारों ने सामान रखकर अतिक्रमण किया है। इससे सड़कों पर जाम लगता है और आमजन को परेशानी होती है। सड़क सुरक्षा व आमजन को सड़कों से निकलने में किसी तरह की परेशानी न हो। इसके लिए नगर निगम द्वारा अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जा रहा है। भविष्य में भी यह कार्रवाई जारी रहेगी। टीम सीएसआई अनिल नैन के नेतृत्व में गठित की गई थी। जिसमें सेनेटरी इंस्पेक्टर गोविंद शर्मा, बिट्टू, सुमित, कृष्ण व अन्य निगम कर्मचारियों को शामिल किया गया है।
शहर की सड़कों से हटाए होर्डिंग
रादौर। शहर में बिजली के खंभों पर लगे होर्डिंग को हटाने के लिए शुक्रवार को नगरपालिक की तरफ से अभियान चलाया गया। इस दौरान कर्मचारियों ने काफी संख्या से होर्डिंग उतारे। होर्डिंग हटाने का अभियान नपा दरोगा जितेंद्र सिंह बिट्टू के नेतृत्व में चलाया गया है। बता दें कि पिछले काफी समय से शहर में बिजली के लगभग हर खंभे पर स्कूल, कॉलेज, आईलेट्स सेंटर व राजनीतिक पार्टियों के होर्डिंग लगे हुए हैं जो शहर की सुंदरता के लिए ग्रहण साबित हो रहे हैं। कई बार इन बोर्ड की वजह से हादसा होने की भी आशंका बनी रहती है। यह होर्डिंग नपा की अनुमति पर ही लगने चाहिए थे, परंतु लोगों ने मनमर्जी से इन होर्डिंग को लगा दिया। नपा सफाई निरीक्षक निर्मल सिंह ने बताया कि अनुमति के बिना शहर में खंभों पर विभिन्न संस्थाओं द्वारा होर्डिंग लगाए गए हैं, जो अवैध हैं। होर्डिंग को हटाने के लिए विशेष अभियान चलाया गया है जिन्हें हटा दिया गया है।