रादौर। मुकंदलाल नेशनल कॉलेज में चल रही 51वीं वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का बुधवार को दूसरा दिन रहा। दूसरे दिन लड़कों की 200 मीटर दौड़ और भाला फेंक प्रतियोगिता करवाई गई।
प्रतियोगिता के दूसरे दिन 200 मीटर दौड़ में धावक रवि ने सभी को पछाड़ कर पहला स्थान पाया। जबकि शगुन दूसरे व अनुज तीसरे स्थान पर रहा। इसी तरह लड़कियों की भाला फेंक प्रतियोगिता में तनु ने सबसे दूर भाला फेंका। तनु ने सभी को पीछे छोड़ पहला स्थान पाया। पायल ने दूसरा व अंजलि ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता कॉलेज के डीपी डॉ. महेंद्र सिंह की देखरेख में करवाई जा रही है। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में गोला, भाला, चक्का फेंक के साथ लंबी व ऊंची कूद, साइकिल रेस, रस्साकस्सी के मैच करवाए जाएंगे। जिसमें पुरुष व महिला श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी को बेस्ट एथलीट अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा। वहीं विजेताओं को स्वर्ण, रजत व कांस्य पदक व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि कोरोना संक्रमण के कारण प्रतियोगिता नौ दिन तक करवाई जाएगी। जिसके तहत रोज नियमित संख्या में खिलाड़ियों को बुलाया जाएगा।