माई सिटी रिपोर्टर
यमुनानगर। उच्चतर शिक्षा विभाग ने पहली वरीयता सूची के आधार पर फीस भरने की अंतिम तिथि में बदलाव किया है। स्नातक के विभिन्न कोर्सों की पहली वरीयता सूची में स्थान पाने वाले विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन फीस जमा करवाने के लिए 20 सितंबर तक का समय दिया गया है।
नए शेड्यूल के अनुसार अब 21 सितंबर को लगने वाली दूसरी वरीयता सूची भी 22 सितंबर को लगेगी। दरअसल 18 और 19 सितंबर को जिले के लगभग सभी कॉलेजों में महिला कांस्टेबल भर्ती की लिखित परीक्षा का आयोजन किया गया, जिसके चलते विद्यार्थी कॉलेज नहीं आ सके और काफी संख्या में विद्यार्थी फीस भरने से वंचित रह गए। दस्तावेज जांच कमेटी का कहना है कि पहली वरीयता सूची में स्थान पाने वाले विद्यार्थी अगर फीस जमा नहीं करवाते हैं तो वे दाखिले से वंचित रह जाएंगे।
दरअसल उच्चतर शिक्षा निदेशालय ने महाविद्यालयों में दाखिला प्रक्रिया के लिए 16 अगस्त को पोर्टल खोला था। इसके बाद ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हुई। ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि को भी तीन बार बढ़ाया गया। अब फीस जमा करवाने की अंतिम तारीख को भी बार-बार बढ़ाया जा रहा है। पहले फीस जमा करवाने की अंतिम तिथि 15 सितंबर निर्धारित की गई थी, पोर्टल में तकनीकी खराबी आने से इसे बढ़ाकर 18 सितंबर कर दिया। शनिवार को अंतिम तिथि दो दिन और बढ़ा दी है।
किसी कॉलेज में 60 तो किसी में 50 फीसदी सीटें अभी भी खाली हैं। कॉलेज प्रबंधकों का कहना है कि विद्यार्थी कभी सर्वर की खराबी तो अभी भी बड़े शहरों में दाखिले को लेकर अपनी चाहत की वजह से अटके हैं। जल्द ही सारी व्यवस्था ठीक होगी और सभी सीटें भर जाएंगी। विद्यार्थी 20 सितंबर तक अपनी फीस जमा करवा कर दाखिला सुनिश्चित करवा सकते हैं। - डॉ. बलजीत कौर, प्रिंसिपल राजकीय महाविद्यालय छछरौली।