बिलासपुर स्थित स्टेट बैंक से एक व्यक्ति ने जमीन के फर्जी दस्तावेज के आधार पर बनवाई गई कृषि कार्ड की लिमिट के 10 लाख 42 हजार रुपये निकाल कर हड़प लिए। इसके बाद आरोपी ने यह राशि जमा नहीं करवाई। रुपयों की रिकवरी के लिए जब बैंक प्रबंधक ने आरोपी द्वारा दिए जमीन के दस्तावेजों की जांच की तो वह फर्जी निकले। बैंक प्रबंधक ने इसकी शिकायत पुलिस को दी। बिलासपुर पुलिस ने बैंक प्रबंधक की शिकायत पर आरोपी व्यक्ति के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज किया है।
भारतीय स्टेट बैंक के शाखा प्रबंधक सुधीर कुमार झा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 20 सितंबर 2016 में अहड़वाला निवासी रणधीर सिंह ने उनके बैंक में जमीन के दस्तावेज जमा करवाकर कृषि कार्ड से रुपये निकालने की लिमिट बनवाई हुई थी। आरोपी ने इस दौरान बैंक से लिमिट के 10 लाख 42 हजार रुपये निकलवा लिए, लेकिन इसके बाद आरोपी ने यह रुपये बैंक में वापस जमा नहीं करवाए। जिसके बाद आरोपी का खाता एनपीए में चला गया। जब उन्होंने आरोपी से लिमिट के रुपये भरने की बात कही तो आरोपी रुपये भरने में आना कानी करने लगा। रुपयों की रिकवरी के लिए जब उन्होंने आरोपी द्वारा बैंक में जमा करवाए गए दस्तावेजों की जांच करवाई तो वे फर्जी निकले। आरोपी द्वारा अहड़वाला में दिखाई गई जमीन चौराही में मिली। इसके बाद उन्होंने इसकी शिकायत पुलिस को दी। बिलासपुर पुलिस ने मामले में आरोपी रणधीर सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी व जालसाजी के आरोप में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी बलबीर सिंह का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद मामले में आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।