यमुनानगर। पुराना सहारनपुर रोड पर पेपर मिल से सेवानिवृत्त कर्मचारी दशमेश कॉलोनी निवासी जय प्रकाश को ट्रक ने कुचल दिया। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। जयप्रकाश अपने पैतृक गांव फतेहपुर में जमीन देखकर स्कूटी पर घर लौट रहे थे। पुलिस ने मामले में आरोपी ट्रक चालक पर केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
फतेहपुर निवासी विरेंद्र कुमार ने बताया कि उनके भाई जय प्रकाश (70) पेपर मिल से सेवानिवृत्त थे। उसके पिता दशमेश कॉलोनी में परिवार सहित रहते थे। उसके भाई की फतेहपुर में रिहायशी व खेती बाड़ी की जमीन है। वह जमीन देखने के लिए गांव में आते रहते थे। रविवार दोपहर करीब दो बजे उसके भाई अपनी जमीन देखने के लिए अपनी स्कूटी पर सवार होकर फतेहपुर आए थे। जमीन देखने के बाद करीब तीन बजे वह अपनी स्कूटी पर सवार होकर अपने घर दशमेश कॉलोनी के लिए चले थे।
विज्ञापन
करीब सवा तीन बजे जब जय प्रकाश पुराना सहारनपुर रोड पर गांव के अड्डे पर पहुंचे थे। इस दौरान बहरामपुर की तरफ से एक ट्रक तेज गति से आया। आरोपी चालक ने लापरवाही से ट्रक चलाते हुए पीछे से भाई की स्कूटी में टककर मार दी। टक्कर लगते ही भाई स्कूटी सहित सड़क पर गिर गए। इसके बाद ट्रक उनके भाई को कुचलता हुआ आगे निकल गया। हादसे के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया।
मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। लोगों ने इसकी सूचना कंट्रोल रूम में दी। सूचना मिलने पर पुलिस व एंबुलेंस मौके पर पहुंची। एंबुलेंस की मदद से भाई को अस्पताल पहुंचाया गया। वहां डॉक्टर ने मृत बताया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस में रखवाया। बुड़िया थाना प्रभारी मेमसिंह का कहना है कि मामले में अज्ञात ट्रक चालक पर केस दर्ज कर लिया है। आरोपी चालक की तलाश की जा रही है।