यमुनानगर। उत्तरप्रदेश के जिला सहारनपुर के पिलखनी में बने राधा स्वामी मेजर सत्संग घर में डेरा प्रमुख बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लो महाराज पहुंच रहे हैं। यही इतना नहीं बाबा जी मंगलवार को सत्संग घर में श्रद्धालुओं को दर्शन देंगे और उनके सवालों के जवाब भी देंगे। गुरु महाराज के पहुंचने की सूचना मिलने के बाद सत्संग घर पहुंचने की अनुयायियों में होड़ मच गई है।
पिछले साल बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लो महाराज मार्च में सत्संग के दौरान डेरा आए थे और श्रद्धालुओं को दर्शन दिए थे। सत्संग घर में सुबह नौ बजे बाबा जी खुली कार में दर्शन देंगे। इसके बाद सवाल-जवाब होंगे। कोरोना संक्रमण के बाद पहली बार बाबा जी अनुयायियों को दर्शन देने पहुंच रहे हैं, जिससे उन्हें मानने वालों में भारी उत्साह है।
विज्ञापन
सत्संग घर में मंगलवार को गुरु महाराज का सवाल-जवाब कार्यक्रम प्रस्तावित है। गुरु महाराज के आगमन का संदेश संगत में तेजी से फैल रहा है। गुरु महाराज के दर्शनों के लिए भारी संख्या में संगत पिलखनी स्थित सत्संग घर पहुंचने लगी है। सत्संग घर के संचार सेवक विपिन बजाज ने बताया कि गुरु महाराज जी सोमवार शाम को यहां पहुंच जाएंगे। इसके बाद मंगलवार को दर्शन कार्यक्रम सत्संग पंडाल में होगा। वहीं पर संगत के प्रश्नों के उत्तर गुरु महाराज देंगे।
उन्होंने बताया कि अभी तक दर्शन कार्यक्रम को लेकर किसी तरह का कोई पंजीकरण नहीं किया जा रहा है। डेरा ब्यास से अभी तक ऐसे निर्देश नहीं मिले हैं। उन्होंने बताया कि यहां पर संगत को खुले दर्शन दिए जाएंगे। कोई भी गुरु महाराज के दर्शन के लिए आ सकता है।