माई सिटी रिपोर्टर
यमुनानगर। स्नातक में दाखिले से वंचित रहे विद्यार्थियों के लिए अच्छी खबर है। जिले के कॉलेजों में खाली सीटों को भरने के लिए उच्चतर शिक्षा निदेशालय ने एक बार फिर से पोर्टल खोल दिया है। पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन के लिए दोबारा से लिंक दिया है। वंचित विद्यार्थी अब 25 अक्तूबर तक आवेदन कर सकेंगे। इसके लिए 26 अक्तूबर को भौतिक सत्यापन होगा।
दरअसल कॉलेज प्रबंधन ने खाली सीटों को भरने के लिए पोर्टल खोलने की मांग की थी। इसी के चलते उच्चतर शिक्षा निदेशालय ने दाखिलों के लिए मौका दिया है। वहीं उच्चतर शिक्षा निदेशालय ने सरकारी कॉलेजों में 10 फीसदी सीटें भी बढ़ा दी हैं। इस शैक्षणिक सत्र में कॉलेजों में दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 16 अगस्त से शुरू हुई थी।
पोर्टल में तकनीकी खराबी के चलते इस तिथि को भी दो बार बढ़ाया गया। दो मेरिट लिस्ट जारी होने के बाद भी कॉलेजों में रिक्त रही सीटों को देखते हुए 28 सितंबर को ओपन काउंसिलिंग शुरू की गई, जो 13 अक्तूबर तक जारी रही। अंतिम तिथि तक भी सीटें न भरने पर महाविद्यालय प्रबंधन ने उच्चतर शिक्षा निदेशालय को अवगत कराया, जिसके बाद वीरवार को एक बार फिर पोर्टल खोल दिया गया।
विद्यार्थियों को ऑनलाइन आवेदन के लिए परिवार पहचान पत्र, 10वीं व 12वीं की मार्कशीट, डीएमसी माइग्रेशन सर्टिफिकेट, चरित्र प्रमाण-पत्र, रिहायशी प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, एनसीसी, एनएसएस सर्टिफिकेट व जाति प्रमाण पत्र के साथ-साथ मोबाइल नंबर भी पोर्टल पर अपलोड करना पड़ेगा। ओपन काउंसिलिंग की अंतिम तिथि के बाद भी राजकीय कॉलेजों में करीब 10 प्रतिशत और एडिड व निजी कॉलेजों में 20 से 25 प्रतिशत सीटें रिक्त हैं।
कॉलेजों में 13 अक्तूबर तक चली ओपन काउंसिलिंग के बाद भी विभिन्न कॉलेजों में कुछ सीटें रिक्त हैं, जिसे देखते हुए पोर्टल दोबारा खोलने की मांग की गई थी। उच्चतर शिक्षा निदेशालय ने ओपन काउंसिलिंग की अंतिम तिथि बढ़ाकर 25 अक्तूबर कर दी है। विद्यार्थी निर्धारित तिथि तक दाखिले के लिए आवेदन कर सकते हैं। राजकीय कॉलेजों में दस फीसदी सीटें भी बढ़ाई गई हैं। - डॉ. बलजीत कौर, प्राचार्य, राजकीय महाविद्यालय, छछरौली