जिले में कोरोना संक्रमण कम होने पर जहां लोगों ने राहत की सांस ली है, वहीं अब मलेरिया और डेंगू के खतरे ने चिंता बढ़ा दी है। इसके तहत स्वास्थ्य विभाग की ओर से 150 टीमों को उतारा गया है जो घर-घर जाकर सर्वे कर रही है। अब तक 260 घरों में कूलर, पानी की टंकी व अन्य जगहों पर लारवा मिला है, जिस पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लारवा नष्ट कर संबंधित मकान मालिक को नोटिस दिया है। साथ ही दोबारा लार्वा मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
जिला नोडल अधिकारी डॉ. वागिश गुटेन ने बताया कि डेंगू के खात्मे को लेकर स्वास्थ्य विभाग पूर्ण रूप से अलर्ट है। कोविड-19 जैसी जानलेवा बीमारी के साथ-साथ मलेरिया, डेंगू व चिकनगुनिया की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग लगातार नजर बनाए हुए है। जिले में ब्रीडिंग चेकर, फील्ड वर्कर द्वारा घर-घर जाकर मलेरिया उन्मूलन संबंधी कार्य किए जा रहे हैं। लारवा को नष्ट करने के साथ ही मकान मालिकों को आवश्यक साफ-सफाई और सावधानी बरतने के लिए चेतावनी दी जा रही है। सभी टीम ठहरे हुए पानी में काला तेल व टेमिफोस की दवाई का छिड़काव कर रही है, जिससे मच्छर का लारवा खत्म हो सके और जानलेवा बीमारी फैलाने वाले मच्छरों की उत्पत्ति पर पूर्ण रूप से रोक लग सके।
वहीं लारवा को पनपने से रोकने के लिए स्वास्थ्य विभाग की तरफ से जिले भर के 512 तालाबों में गंबूजिया मछली छोड़ी गई है। यह मछली मच्छर के लारवा को खाती है और उसे बढ़ने से रोकती है। जिले की सभी पीएचसी व सीएचसी में गंबूजिया के लिए हेचरी बनाई गई है।
ये सावधानी अपनाएं
-एक जगह पर पानी को एकत्र न होने दें।
-कूलर व टंकियों को अच्छी तरह से कपड़े से रगड़ कर साफ कर लें।
-फ्रिज की ट्रे का पानी रोजाना साफ करें।
-इनमें 5 से 10 एमएल पेट्रोल या डीजल का तेल डालें।
-एसी के पानी को एकत्रित न होने दें।
-सोते समय मच्छरदानी का प्रयोग करना चाहिए।
-दिन के समय पूरी बाजू के कपड़े पहने।
मलेरिया में लापरवाही न बरतें
-शुरुआती लक्षणों में तेज ठंड के साथ बुखार आना, सर दर्द होना व उल्टियों का आना है। इसलिए कोई भी बुखार आने पर अपने नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्र में जाकर मलेरिया की जांच करवाएं और अगर मलेरिया जांच में पाया जाता है तो उसका 14 दिन का इलाज स्वास्थ्यकर्मी की देख रेख में करें।
-मलेरिया व डेंगू उन्मूलन को लेकर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए हैं। नागरिकों से अपील की है कि वे हर रविवार को सभी लोग ड्राई डे शुष्क दिवस के रूप मे मनाएं। घरों की जांच स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा की जा रही है और जिन घरों में मच्छर का लारवा मिल रहा है, उन सभी घरों में स्वास्थ्य विभाग द्वारा चेतावनी संबंधित नोटिस दिए जा रहे हैं।-गिरीश अरोड़ा, डीसी