गांधी नगर क्षेत्र की मायापुरी कॉलोनी के बच्चों को विशेष धर्म की शिक्षा देने और धर्मांतरण कराने के मामले में देर रात तक हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता हंगामा करते रहे। केस दर्ज करने की मांग को लेकर हिंदू संगठनों ने देर रात जगाधरी यमुनानगर मार्ग पर ट्रैफिक पार्क के पास जाम लगा दिया। इसके बाद पुलिस ने मामले में आरोपी दंपती व उनके दो बेटों के खिलाफ धार्मिक भावनाएं आहत करने समेत कई धाराओं में केस दर्ज किया है।
हिंदू जागरण मंच के जिला संयोजक उदयवीर शास्त्री और हिंदू जागरण मंच के जिलाध्यक्ष एडवोकेट दिनेश सिंह चौहान ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि मायापुरी कॉलोनी में एक घर में हिंदू बच्चों को लालच देकर धर्म परिवर्तन किया जा रहा है। साथ ही राष्ट्र के खिलाफ शिक्षा देने का काम किया जा रहा है। इस पर वे गांधी नगर थाना पुलिस को साथ लेकर गए तो वहां पर एक स्कूल चल रहा था। वहां पर बैठे बच्चों को विदेश से लैपटॉप पर शिक्षा दी जा रही थी। वहां पर विशेष धर्म से संबंधित पुस्तकें और नोट बुक थी। आरोप है कि कोरोना महामारी में रविवार के दिन स्कूल चलाने की आड़ में धर्म परिवर्तन कराया जा रहा था। इस शिकायत पर गांधी नगर थाना पुलिस ने चारों आरोपियों पर धार्मिक भावनाएं आहत करने और डिजास्टर मैनेजमेंट एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। आरोपियों में नीलम दास, उसके पति चरणदास, बेटे आशीष दास व रोबिन दास शामिल हैं। पुलिस के अनुसार केस दर्ज करने के बाद आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। फिर जमानत पर रिहा कर दिया गया।
केस दर्ज होने की पुष्टि पर खोला जाम
मायापुरी कॉलोनी में धर्मांतरण को लेकर रविवार शाम को पहले सभी हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता शांत हो गए थे, लेकिन जब उन्हें पता चला कि पुलिस ने मामले में केस दर्ज नहीं किया तो उन्होंने जगाधरी-यमुनानगर मार्ग पर ट्रैफिक पार्क के सामने जाम लगा दिया। हिंदू जागरण मंच के पदाधिकारी उदयवीर शास्त्री, भाजयुमो के जिला उपाध्यक्ष विक्रम राणा, शिवराम, अंकित आदि ने कहा कि धर्मांतरण देश हित में नहीं है। केस दर्ज होने की पुष्टि होने के बाद प्रदर्शनकारियों ने जाम खोला।
आरोपी बोले-आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों को दे रहे हैं शिक्षा
नामजद आरोपी नीलम दास व चरणदास का कहना है कि वे वर्ष 1996 से आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों को निशुल्क शिक्षा दे रहे हैं। वे किसी धार्मिक संगठन से संबंध नहीं रखते। उन पर लगे धर्मांतरण के आरोप निराधार हैं। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच करने की मांग की है।
गांधी नगर कार्यवाहक थाना प्रभारी सतीश कुमार ने बताया कि शिकायत में जिनके नाम दिए गए हैं, उनके खिलाफ केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्हें जांच में शामिल करने के बाद जमानत पर छोड़ दिया गया है। मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है।