संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। सीआईए वन की टीम ने बीती पांच सितंबर की रात को स्कार्पियो कार की टक्कर मारकर पांच माह की गर्भवती 28 वर्षीय नजमा के हत्या करने आरोपी उसके देवर उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले के गांव जाफराबाद निवासी मौहम्मद असलम व उसके दोस्त बिजनौर के सदाफल निवासी शफीक को गिरफ्तार कर लिया है। हत्याकांड में मुख्य आरोपी मृतका नजमा के पति आरपीएसएफ के सब इंस्पेक्टर अफसर अली को पुलिस ने पहले ही गिरफ्तार कर लिया था।
सीआईए वन के इंचार्ज राकेश मटोरिया ने बताया कि गुप्त सूचना पर दोनों आरोपियों को उत्तर प्रदेश के बिजनौर से गिरफ्तार किया गया है। जिस स्कार्पियो कार से टक्कर मारकर नजमा की हत्या की गई, वह आरोपी मोहम्मद असलम अपने भाई से लेकर आया था। असलम अपने साथी शफीक को साथ कार लेकर आया था। हत्या की योजना अफसर अली व असलम ने बनाई थी। शफीक को योजना के बारे में यहां आकर पता लगा था। दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया। वहां से दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
गांव जाफराबाद निवासी अफसर अली यहां आरपीएसएफ नवीं वाहिनी जगाधरी वर्कशाप में एसआई के पद पर तैनात था। इसके बाद भी वह यहां पत्नी नजमा के साथ पृथ्वीनगर कॉलोनी में किराए के मकान में रह रहा था। आरोपी का पत्नी के साथ विवाद रहता था। कई बार उसकी शिकायत भी नजमा थाने में कर चुकी थी। इस पर उसने पत्नी की हत्या करने की योजना बनाई। यह सड़क हादसा लगे। इसके लिए गाड़ी से पत्नी को टक्कर मारने के लिए अपने चचेरे भाई असलम को साथ लिया।
साजिश के तहत वह 24 सितंबर की रात करीब नौ बजे खाना खाने के बाद पत्नी नाजमा के साथ रेलवे अंडरपास के पास सैर करने के लिए गया। तभी स्कार्पियो कार ने पीछे से नजमा को टक्कर मारी, जिससे उसकी मौत हो गई थी। मृतका के पति ने हादसे की शिकायत थाने में दर्ज करवाई थी। मायके वालोें अफसर अली पर ही हत्या कराने का शक जताया। इसके आधार पर ही पुलिस ने केस में हत्या की धारा बढ़ाई और मामले की जांच सीआईए वन को दी। इसके बाद सीआईए वन की टीम ने वारदात का पर्दाफाश किया। पूछताछ में मृतका के पति ने वारदात को अंजाम देना कबूल किया। पुलिस ने मृतका के पति अफसर अली को पहले गिरफ्तार कर लिया था।