नेशनल हाईवे 344 के रेस्ट हाउस के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने रेस्ट लाइन पर खड़े युवक को टक्कर मार दी। ट्रक का पहिया युवक की छाती से होते हुए निकल गया। इस हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के हवाले कर दिया। युवक की मौत से गांव धौडंग में मातम का माहौल है।
धौडंग निवासी सुरेश पाल ने सदर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका गांव में पेस्टीसाइड का काम है। वीरवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे वह निजी काम से अपने भतीजे सोहन (35) की बाइक पर नेशनल हाईवे 344 स्थित रेस्ट हाउस में गया था। बाइक वह चला रहा था। जबकि उसका भतीजा पीछे बैठा हुआ था। रेस्ट हाउस की रेस्ट लाइन के अंदर जाने वाले गेट पर बाइक खड़ी करके वह अंदर चला गया। जबकि उसका भतीजा सोहन गेट के पास ही खड़ा हो गया। जब वह अपना काम खत्म करके रेस्ट हाउस से बाहर आया तो इस दौरान सहारनपुर की ओर से आए एक तेज रफ्तार ट्रक ने उसके भतीजे को टक्कर मार दी। इस हादसे में उसका भतीजा सोहन लाल सड़क पर गिर गया और ट्रक का पहिया उसके भतीजे की छाती से होता हुआ निकल गया। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। उसने अपने भतीजे को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने उसकी मौत होने की पुष्टि की। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के हवाले कर दिया। सदर थाना प्रभारी विजय का कहना है कि मामले में आरोपी ट्रक चालक पर केस दर्ज कर लिया गया है। नंबर के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा।