संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। जगाधरी की सिविल लाइन पर बाजार से घर लौट रही महिला के गले से बाइक सवार युवक ने सोने की चेन झपट ली। चेन झपटने के बाद आरोपी फरार हो गया। महिला ने इसकी शिकायत पुलिस को दी। शहर जगाधरी पुलिस ने अज्ञात युवक पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विष्णु गार्डन कॉलोनी निवासी मोनिका ने शहर जगाधरी पुलिस को दी शिकायत में बताया कि रविवार को वह खरीदारी करने के लिए सिविल लाइन पर आई थी। शाम करीब साढ़े छह बजे वह खरीदारी करके घर लौट रही थी। जब वह सिविल लाइन पर पहुंची तो पीछे से बाइक पर सवार होकर एक युवक आया। आरोपी ने उसके नजदीक आकर बाइक की गति कम की। इससे पहले वह कुछ समझ पाती युवक ने उसके गले से सोने की चेन झपट ली।
उसने शोर मचाया। शोर सुनकर आसपास के लोगों ने आरोपी का पीछा कर पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी भाग निकला। चेन पर लॉकेट भी लगा हुआ था, जिसकी कीमत करीब 45 हजार रुपये थी। इसकी शिकायत उसने पुलिस को दी। शहर जगाधरी पुलिस ने मामले में अज्ञात युवक पर केस दर्ज कर लिया है। शहर जगाधरी प्रभारी नरेंद्र सिंह का कहना है कि आरोपी युवक की तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपी की पहचान कर गिरफ्तार कर लिया जाएगा।