संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। पंजाब के करतारपुर से प्लाई बोर्ड बेचकर लौट रहे ट्रक चालक से चार बदमाशों ने दो लाख 82 हजार रुपये लूट लिए। बदमाशों ने वारदात को अंजाम फतेहपुर पुल से ताजकपुर जा रहे मार्ग पर दिया। पुलिस ने मामले में चार अज्ञात युवकों पर लूट का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
भंगेडा निवासी यशपाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके पास एक अशोका लीलैंड गाड़ी है। जिससे वह किराये का काम करता है। 15 नवंबर की रात करीब दस बजे वह अपनी गाडी में ताजकपुर स्थित राज कुमार प्लाईवुड फैक्टरी से प्लाई बोर्ड लोड करके करतारपुर (पंजाब) गया था। वहां पर गाड़ी खाली कर वह प्लाई बोर्ड की पेमेंट करीब एक लाख 32 हजार रुपये लेकर वापस आ रहा था।
मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे जब वह जालंधर के पास पहुंचा तो उसे महिंद्रा पिकअप सवार किशनपुरा निवासी रवि मिला। रवि एमएस प्लाईवुड फैक्टरी जगाधरी से प्लाई बोर्ड लोड करके एमबी कंपनी जालंधर गया था। उसने उसे बताया कि उनके मालिक अनवर का फोन आया है कि जो पेमेंट डेढ़ लाख रुपये एबी कंपनी जालंधर से मिले है। वह यशपाल को दे दो। रवि ने भी उसे डेढ़ लाख रुपये दे दिए। उसके पास कुल दो लाख 82 हजार रुपये थे। जो उसने एक पॉलिथीन में डालकर गाड़ी के टूल बॉक्स में रख लिए। इसके बाद वो और रवि अपनी अपनी गाड़ी में यमुनानगर के लिए चल दिए।
शाम करीब चार बजे वे साहा चौक पर रुके और चाय पी। इसके बाद रवि अपनी गाड़ी लेकर शादीपुर चला गया और वह अपनी गाड़ी लेकर ताजकपुर की तरफ रवाना हो गया। रात करीब आठ बजे जब वह पुराना सहारनपुर रोड पर फतेहपुर पुल से गांव ताजकपुर के लिए चला तो रास्ते में चार युवकों ने उसके आगे बाइक अड़ा रोक लिया। चारों युवकों ने मुंह पर कपड़े बांध रखे थे।
उसके रुकते हुए चारों बदमाशों ने डंडों व रॉड से हमला कर उसकी गाड़ी का शीशा तोड़ दिया और उसे गाड़ी से नीचे उतार लिया। इस दौरान बदमाशों ने उसकी गाड़ी के टूल बॉक्स में रखे दो लाख 82 हजार रुपये, उसका मोबाइल व पर्स लूट लिए। पर्स में उसका आधार कार्ड, पैनकार्ड, वोटर कार्ड, आरसी व अन्य दस्तावेज थे। इसके बाद बदमाश वहां से अपनी बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। उसने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मामले में चार अज्ञात युवकों पर लूट का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।