माई सिटी रिपोर्टर
यमुनानगर/ छछरौली। स्नातक कक्षाओं में दाखिल के लिए वीरवार तक ऑनलाइन आवेदन किए जा सकते हैं। इस पर बुधवार को पंजीकरण करवाने के लिए कॉलेजों और साइबर कैफे में विद्यार्थियों की भीड़ उमड़ पड़ी। अधिकतर छात्र साइबर कैफे से पंजीकरण करवा रहे हैं। वहीं उच्चतर शिक्षा निदेशालय ने फीस जमा करवाने के लिए भी विद्यार्थियों को बड़ी राहत दी है। विद्यार्थी ऑनलाइन फीस जमा कर सकते हैं। बुधवार तक अस्सी फीसदी सीटों पर आवेदन हुए थे। अंतिम दिन तक सौ फीसदी आवेदन होने की उम्मीद है।
उच्चतर शिक्षा निदेशालय के पोर्टल पर दाखिले के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की अंतिम तिथि 26 अगस्त है। ऐसे में पंजीकरण कराने के लिए विद्यार्थियों की भीड़ बढ़ रही है। लगातार लॉगिन होने से बुधवार को कई बार पोर्टल बंद हो गया। विद्यार्थी बार-बार प्रयास करते रहे। वहीं दस्तावेज ऑनलाइन जांचने का काम भी चल रहा है। दस्तावेजोें की जांच का काम 28 अगस्त तक चलेगा।
पहली वरीयता सूची 2 सितंबर को जारी होगी। इस सूची में जिन विद्यार्थियों का नाम शामिल होगा, वे छह सितंबर तक फीस व जरूरी दस्तावेज जमा करवाकर कॉलेज में दाखिला ले सकेंगे। विद्यार्थी नेट बैंकिंग, क्रेडिट कार्ड या डेबिट कार्ड से भी फीस भर सकते हैं। विद्यार्थियों को कॉलेज जाकर रसीद लेकर बैंक में फीस जमा कराने के लिए लाइन में नहीं लगना होगा। इससे खासकर छात्राओं को काफी राहत मिलेगी। वहीं आठ सितंबर को दूसरी वरीयता सूची जारी होगी। इस सूची में शामिल विद्यार्थी 11 सितंबर तक दाखिला ले सकेंगे। दूसरी वरीयता सूची बाद भी कॉलेजों में सीटें खाली रहती हैं, तो विभाग की ओर से 13 सितंबर से ऑनलाइन आवेदन के लिए पोर्टल खोला जाएगा।
अंतिम तिथि को ज्यादा विद्यार्थी करते हैं पंजीकरण : बलजीत कौर
छछरौली राजकीय कॉलेज की प्रिंसिपल बलजीत कौर का कहना है कि अंतिम तिथि को ज्यादा विद्यार्थी पंजीकरण करते हैं। कॉलेज में बुधवार तक 669 विद्यार्थियों ने पंजीकरण करवाया है। अभी एक दिन शेष है, उम्मीद है कि 880 सीटों पर आवेदन आ जाएंगे। इसके बाद भी सीटें खाली रही तो 13 सितंबर को फिर से पोर्टल खोला जाएगा। विद्यार्थी दोबारा पोर्टल खुलने का इंतजार न करें, क्योंकि केवल उन्हीं कोर्स में पंजीकरण किया जा सकेगा, जिसमें सीट खाली रहेगी। अब तक 398 विद्यार्थियों के दस्तावेज जांचे जा चुके हैं।