यमुनानगर। डीएवी गर्ल्स कॉलेज की एनएसएस यूनिट ने सोमवार को छात्राओं को समाजसेवा के प्रति प्रेरित करने के लिए लेक्चर का आयोजन किया। मुख्य वक्ता कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय वाणिज्य विभाग अध्यक्ष डॉ. तेजेद्र शर्मा ने छात्राओें को एनएसएस के उद्देश्य की जानकारी दी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रिंसिपल डॉ. आभा खेत्रपाल, एनएसएस इंचार्ज डॉ. मोनिका शर्मा, डॉ. निताशा बजाज ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलित करके किया गया। मुख्य वक्ता डॉ. तेजेंद्र शर्मा ने कहा कि एनएसएस की गतिविधियों में भाग लेने से विद्यार्थी समाज के लोगों से मिलकर उनके हित के लिए कार्य करते हैं। इस योजना का उद्देश्य विभिन्न सामुदायिक सेवा से विद्यार्थियों के व्यक्तित्व का विकास करना रहा।
एनएसएस स्वयं सेवक आपात काल व प्राकृतिक आपदा के समय पीड़ितों की सहायता में आगे रहते हैं। इसके अलावा वे पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य व सफाई के लिए भी लोगों को प्रेरित करते हैं। डॉ. खेत्रपाल ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना का उद्देश्य युवा विद्यार्थियों को सामुदायिक सेवा देने में अनुभव प्रदान करना है, जिससे उनके व्यक्तित्व और चरित्र के विकास के साथ राष्ट्र सेवा की भावना आ सके। डॉ. मोनिका शर्मा व डॉ. निताशा बजाज ने कहा कि स्वयं सेवकों में नेतृत्व की भावना होती है। वहीं वे दूसरों की भावनाओं को समझकर कुशल प्रशासक भी बन जाते हैं।