जगाधरी। शिक्षामंत्री कंवरपाल ने जगाधरी के दो वार्डों में 82.13 लाख की लागत से नगर निगम द्वारा करवाए गए विकास कार्यों का लोकार्पण किया। निगम द्वारा वार्ड नंबर एक की लेबर कॉलोनी में 34.17 लाख की लागत से बीडीपीओ कार्यालय के पीछे से सेक्टर 18 तक बरसाती पानी की निकासी के लिए पाइप लाइन डाली गई। इससे कॉलोनीवासियों को बारिश के पानी से राहत मिलेगी।
निगम की ओर से वार्ड नंबर सात के सेक्टर 17 में 47.96 लाख रुपये की लागत से मकान नंबर 948 से मकान नंबर 1107 तक गली का नवनिर्माण किया गया। इस मौके पर अपने संबोधन में शिक्षामंत्री कंवरपाल ने कहा कि क्षेत्र के लोग काफी समय से गली निर्माण न होने और पानी की निकासी की समस्या से परेशान थे। मेयर मदन चौहान के नेतृत्व में निगम अधिकारियों ने ये विकास कार्य करवाए उन्होंने बताया कि आज प्रदेश में सिस्टम से सभी कार्य हो रहे हैं। ट्रांसफर की पॉलिसी बना दी गई है। जिन परिवारों के परिवार पहचान पत्र में एक लाख 80 हजार रुपये से कम सालाना आय है, उनके आयुष्मान कार्ड, पीला राशन कार्ड, बुढ़ापा पेंशन, विधवा पेंशन से संबंधित सभी कार्य सिस्टम से हो रहे हैं। अगर किसी की समस्या का समाधान नहीं हो रहा है तो संबंधित व्यक्ति अपनी समस्या सीएम विंडो पर दे सकता है। अब तक सात लाख 50 हजार शिकायतों पर सीएम विंडो में कार्यवाही हो चुकी है।
मेयर मदन चौहान ने कहा बताया कि ट्विनसिटी के सभी चौकों पर स्ट्रीट लाइटों का कार्य, हर कॉलोनी में गली और पानी निकासी, स्ट्रीट वेंडिंग जोन और करोड़ों रुपये के अन्य विकास कार्य किए जा रहे हैं। शहर की सफाई और नालों की सफाई के कार्य में किसी भी तरह की कोई कमी नहीं छोड़ी जा रही है। इस अवसर पर नरेंद्र राणा, अवतार सिंह तारी, एससी भाटिया, कपिल मित्तल, बृजलाल शर्मा, गुरप्रीत सिंह, परविन्द्र सिंह, अमरजीत सिंह, पूनम अग्रवाल, प्रियंका शर्मा आदि मौजूद रहे।