यमुनानगर में जगाधरी मार्ग पर रिलायंस फ्रेश मॉल के बाहर एक डेरे के समर्थकों और समुदाय के लोगों में विवाद हो गया। इस दौरान दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। सूचना मिलने पर शहर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों के लोगों को पुलिस थाने ले गई। दोनों पक्षों की तरफ से एक दूसरे के खिलाफ पुलिस को शिकायतें दी गई हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
इस मामले में डेरे के समर्थक पर समुदाय के खिलाफ टिप्पणी करने का आरोप लगाते हुए कार्यकर्ताओं ने उनसे पुस्तकें छीन ली और उन्हें आग के हवाले कर दिया। आरोप है कि डेरे के समर्थक धर्म के बारे में गलत प्रचार कर रहे थे। इस दौरान दोनों पक्षों में मारपीट हुई।
हंगामा होने पर आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर लग गई। सूचना मिलने पर शहर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों के लोगों को पुलिस थाने ले गई। दोनों पक्षों की तरफ से एक दूसरे के खिलाफ पुलिस को शिकायतें दी गई हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार समुदाय के लोगों को सूचना मिली थी कि डेरे के समर्थक प्रोफेसर कॉलोनी और गोविंदपुरा में घर-घर जाकर लोगों को किताबें दे रहे हैं। आरोप है कि वे उनके धर्म के प्रति गलत प्रचार कर रहे हैं। इस सूचना पर समुदाय के लोग काफी संख्या में गाबा अस्पताल के पास रिलायंस फ्रेश मॉल के सामने पहुंचे।
यहां उन्हें डेरे के समर्थक कुछ किताबों के साथ मिले। इस दौरान उन्होंने किताबें छीन ली और उसमें आग लगा दी। बताया जा रहा है कि इस दौरान समुदाय विशेष के लोगों और डेरे के समर्थकों के बीच मारपीट हुई। समुदाय के लोगों ने कहा कि उनके धर्म के बारे में डेरे समर्थक गलत प्रचार कर रहे हैं, जिसे हरगिज बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उधर, डेरे समर्थकों का कहना है कि उन्होंने किसी समुदाय के प्रति कोई गलत टिप्पणी नहीं की। न ही गलत प्रचार किया। वे केवल अपने गुरु की शिक्षाओं का प्रचार प्रसार कर रहे थे। तभी जबरन उनकी किताबें छीनकर जलाया गया और उनसे मारपीट की गई।
सहमति न होने पर शिकायतों के आधार पर होगी कार्रवाई
थाना शहर प्रभारी कमलजीत सिंह ने कहा कि दो पक्षों में विवाद की सूचना पर पुलिस मौके पर गई थी। दोनों पक्षों की ओर से शिकायतें मिली हैं। दोनों पक्षों की सहमति पर विचार विमर्श चल रहा है। सहमति नहीं होने पर शिकायतों के आधार पर जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।