थाना फर्कपुर क्षेत्र अंतर्गत जवाहर नगर में घड़ीसाज के सूने घर से चोर लाखों रुपये के जेवरात व 12 हजार रुपये की नगदी चुरा कर ले गए। परिवार के सभी सदस्य शादी समारोह में शामिल होने गए थे और घर की चॉबी पड़ोसी के पास थी। फर्कपुर पुलिस ने मौके का मुआयना किया। साथ ही फिंगर प्रिंट टीम ने मौके से साक्ष्य भी जुटाए। मकान मालिक के मुताबिक चोरी हुए जेवरात की कीमत करीब 15 लाख रुपये हैं।
जवाहर नगर निवासी लक्ष्मण दास धीमान ने पुलिस शिकायत में बताया कि 18 मार्च को परिवार के साथ शादी समारोह में भाग लेने के लिए नालागढ़ गए थे। पड़ोसी को मकान की चाबी देकर गए थे, ताकि पड़ोसी सुबह शाम घर की लाइट ऑन-ऑफ कर दे। सोमवार सुबह पड़ोसी लाइट बंद करने के लिए आए थे। इस दौरान उन्होंने पता चला कि घर में चोरी हुई है। इसकी जानकारी पड़ोसी ने उन्हें दी। जिसके बाद वह तुरंत मौके पर पहुंच गए। उन्होंने बताया कि चोर छत से आए और बरामदे के रोशनदान में लगा शीश तोड़ कर अंदर कमरे में पहुंच गए। यहां उन्होंने दरवाजे का कुंडा काटा और अंदर कमरे में चले गए। चोरों ने कमरे में रखी अलमारियों व अन्य सारे सामान को अच्छी तरह से खंगाला और घर में रखे जेवरात व नगदी चुरा कर ले गए। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर आकर मामले की छानबीन की और फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट को बुलाया। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है।
15 लाख रुपये के जेवरात ले गए चोर
धीमान ने बताया कि उसने तीन बेटे हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। बेटों के जेवरात व अन्य कीमती सामान भी घर रखा हुआ था। जिसे चोर चुरा कर ले गए। इसमें छह अंगूठियां, चार सोने के सेट, दो लेडिज अंगूठी, दो जोड़ी बाली व झुमके, छह जोड़ी पायल व 12 हजार की नगदी चुरा कर ले गए। इन जेवरात की कीमत करीब 15 लाख रुपये है। चोरी से पूरा परिवार सदमे में हैं। चोरी का पता चलते ही लक्ष्मण दास की पत्नी बेहोश हो गई। धीमान ने बताया कि चोर उनके पूरे जीवन की जमा पूंजी चुरा कर ले गए।