यमुनानगर। प्लाइवुड उद्योगपति रोशन लाल कांबोज ने सिटी थाना पुलिस के एसआई पर धोखाधड़ी के मामले की जांच को लेकर रिश्वत मांगने का आरोप लगाया है। हालांकि रिश्वत कितनी मांग यह अभी तक साफ नहीं किया गया। कांबोज ने एसआई से हुई बातचीत की मोबाइल रिकार्डिंग को भी मीडिया के समक्ष सुनाया। जिसमें एक पुलिसकर्मी मामले की जांच के लिए मधुबन, हिमाचल प्रदेश व अन्य स्थानों पर जाने के लिए खर्च की मांग करता हुआ सुनाई दे रहा है। पुलिस ने रिकार्डिंग के आधार पर एसआई को लाइन हाजिर कर दिया गया है।
गोविंदपुरी रोड स्थित एक होटल में पत्रकारों से बातचीत करते हुए साबापुर निवासी उद्योगपति रोशन लाल ने बताया कि डॉक्टर अनिल अग्रवाल ने थापर ग्राउंड में आठ सौ गज का एक प्लाट लिया हुआ है। इस प्लाट की पावर आफ अटार्नी उसके पास है। जब इस प्लाट का नक्शा पास करवाने के लिए नगर निगम में गए तो अधिकारियों ने बताया कि यह प्लाट तो चार अन्य लोगों के नाम है।
इस पर मामले को लेकर डॉ. अग्रवाल की शिकायत पर वर्ष 2015 में थाना शहर यमुनानगर में चार लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज हुआ। इस दौरान तीन आरोपियों को तो गिरफ्तार कर लिया गया था, लेकिन एक महिला आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए एक वर्ष लगा दिया। इस मामले में एक सब इंस्पेक्टर ने आरोपियों को गिरफ्तार करने व केस की पैरवी करने के लिए उससे कई बार गाड़ी व पैसे की मांग की है।
जिसकी उसके पास आठ-दस रिकार्डिंग भी हैं। 14 जुलाई को वह फ्लाइट से मुंबई गया। उसके मुंबई जाते ही एसआई का उसके पास फोन आया। आरोप है कि इस दौरान एसआई ने उससे मामले की जांच को लेकर मधुबन व हिमाचल प्रदेश जाने के लिए होने वाले खर्च की मांग की। उसने यह पूरी बातचीत भी अपने मोबाइल में रिकार्ड की। इसके बाद उसने यह बात डीएसपी अजय राणा सहित अन्य पुलिस अधिकारियों को बताई और रिकार्डिंग डीएसपी अजय राणा को भी दी है। रिकार्डिंग के आधार पर पुलिस ने एसआई को लाइन हाजिर कर दिया।
मुझे फसाया जा रहा है : एसआई
उधर, एसआई का कहना है कि उसे जानबूझकर फसाया जा रहा है। उसने उद्योगपति से कोई रिश्वत नहीं मांगी। वह हर तरह की जांच के लिए तैयार है।
वर्जन
रिकार्डिंग के आधार पर जांच अधिकारी एसआई को लाइन हाजिर कर दिया गया है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है। उद्योगपति से मामले में अन्य रिकार्डिंग व लिखित में शिकायत मांगी गई है। उसके बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी। - इंस्पेक्टर अजीत कुमार, एसएचओ, थाना शहर यमुनानगर।