गन्ना आयुक्त ने भुगतान को लेकर चीनी मिलों पर फिर शिकंजा कसा है। तीनों मिलों को नोटिस जारी किया है। राणा शुगर फैक्ट्री के प्रबंधक के खिलाफ विधिक कार्रवाई के लिए भी डीएम और एसपी को लिखा है। हाईकोर्ट के आदेश पर भी चीनी मिलें किसानों को गन्ने का बकाया भुगतान नहीं कर रही हैं। चीनी मिलों पर किसानों के करोड़ों रुपये बकाया हैं।
वहीं सरकार ने मिलों को अनुदान भी मुहैया करा दिया है। पेराई सत्र 2015-16 भी शुरू होने वाला है। भुगतान को लेकर गन्ना आयुक्त ने मिलों पर फिर शिकंजा कसा है। गन्ना आयुक्त ने राणा शुगर फैक्ट्री, त्रिवेणी और बिलासपुर चीनी मिलों को नोटिस भेजा है। हाईकोर्ट के आदेशों का हवाला देते हुए शीघ्र भुगतान के निर्देश दिए हैं।
साथ ही मिलों से रिपोर्ट भी तलब की है। गन्ना आयुक्त ने डीएम और एसपी को भी लिखा है। गन्ना आयुक्त ने कहा कि राणा शुगर फैक्ट्री प्रबंधतंत्र के खिलाफ रिपोर्ट कराई जा चुकी हैं। इसलिए प्रबंध तंत्र के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाए। जिला गन्ना अधिकरी आरएस कुशवाहा ने बताया कि भुगतान के मिलों पर और दबाव बनाया जा रहा है।