सदर थाना क्षेत्र के गांव मंडौली के निजी स्कूल में दलित छात्राओं से छेड़छाड़ करने और विरोध करने छात्राओं और उनके भाइयों के साथ मारपीट करने के मामले में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। बाकी आरोपी पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं। पकड़े गए आरोपी को पुलिस ने कोर्ट में पेश कर अंबाला जुवेनाइल जेल भेज दिया गया।
छात्राओं से छेड़छाड़ के मामले में थाना सदर पुलिस ने आरोपियों की सोमवार शाम से तलाश शुरू कर दी थी। एक नाबालिग लड़का पुलिस के हाथ लगा।
शेष आधा दर्जन युवकों की तलाश में पुलिस देर रात और मंगलवार को पूरा दिन दबिश देती रही। पुलिस ने जिन सात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है उनमें से छह माइनर हैं। थाना सदर एसएचओ राजेंद्र सिंह का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
यह था मामला
मंडौली के निजी स्कूल में क्षेत्र के एक गांव की तीन लड़कियां नौंवी व दसवीं कक्षा में पढ़ती हैं। सोमवार को कुछ लड़के स्कूल में घुस आए और इन छात्राओं के साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। लड़कियों ने यह बात स्कूल में पढ़ रहे अपने भाइयों को बताई। आरोपियों ने छात्राओं और उनके भाइयों को पीटा। यह भी आरोप है कि आरोपियों ने छात्राओं के कपड़े भी फाड़ दिए। इसके बाद थाने में परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी करने की मांग को लेकर हंगामा किया था।