हरियाणा के यमुनानगर जिले में सोमवार से 15 से 18 आयु के किशोरों का टीकाकरण शुरू हुआ। इसके लिए शहर के मुकंद लाल सीनियर सेकेंडरी स्कूल में जिलास्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया था, जिसमें मुख्य अतिथि सांसद रतन लाल कटारिया ने टीकाकरण का शुभारंभ किया, लेकिन निर्धारित समय दिन में दो बजे की जगह सांसद करीब पौने दो घंटे की देरी से पहुंचे, जबकि रजिस्ट्रेशन के लिए विद्यार्थियों को दो घंटे पहले ही बुलाया गया था। माननीय की लेटलतीफी के कारण देर से टीकाकरण शुरू हो सका, जबकि इससे पहले भूखे प्यासे कई बच्चे परेशान होकर वापस लौट गए।
बच्चों के भूखे होने की शिकायत जब स्कूल प्रबंधन से की गई तो उन्हें बिस्कूट के पैकेट दिए गए। इसी बीच सांसद मौके पर पहुंचे। ऐसे में कार्यक्रम शुरू होने पर अधिकांश विद्यार्थी बिस्कूट भी नहीं खा पाए।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से विद्यार्थियों का टीकाकरण किया जाना था। उन्हें रिफ्रेशमेंट देने की कोई व्यवस्था न थी और न ही ऐसे शिविर में की जाती है। खाली पेट कोरोना रोधी टीका लगाने से शरीर पर कोई दुष्प्रभाव नहीं पड़ता है। - विजय परमार, उप सिविल सर्जन, यमुनानगर।
विद्यार्थियों को कार्यक्रम में समय से पहले उनका पंजीकरण करने के लिए बुलाया गया था, ताकि बिना रुकावट टीकाकरण हो सके। मुख्यातिथि के देरी से पहुंचने के कारण थोड़ी व्यवस्था बिगड़ गई थी। देरी का अंदाजा नहीं था, इसलिए रिफ्रेशमेंट का बंदोबस्त नहीं किया गया था। - शिव कुमार धीमान, उप जिला शिक्षा अधिकारी।