संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। एक तरफ जहां सोमवार को किशोरों को कोरोना से बचाने के लिए टीकाकरण अभियान की शुरुआत की गई, वहीं दूसरी तरफ बिलासपुर के जानकी जी स्कूल में नौ विद्यार्थी कोरोना संक्रमित मिलने से हड़कंप मच गया। सोमवार को जिले में नौ विद्यार्थियों सहित कुल 19 लोग कोरोना की चपेट में पाए गए हैं। सभी को अस्पताल में भर्ती किया गया है।
स्कूल की एक छात्रा संक्रमित पाई गई थी। इसके बाद स्कूल के कुल 301 विद्यार्थियों के नमूने लिए गए, जिसमें से नौ विद्यार्थी संक्रमित मिले। वहीं सोमवार को तीन मरीज कोरोना को हराकर स्वस्थ हो गए हैं। अब जिले में कुल संक्रमितों की संख्या 57 हो गई है। संक्रमितों में 38 जिले के कोरोना अस्पतालों में भर्ती हैं, जबकि 19 मरीजों को घर पर ही आइसोलेट किया गया है।
डीसी पार्थ गुप्ता ने बताया कि जिले में अब तक कुल 24 हजार 803 लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। इनमें से 24 हजार 334 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। अब तक कुल 536023 लोगों के नमूने जांचे गए हैं। इनमें से 507517 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। वहीं कुल आबादी में से 44.59 प्रतिशत की कोरोना जांच हो चुकी है।
यहां मिले कोरोना संक्रमित
नए मरीजों में जोगिद्र मार्केट निवासी 35 वर्षीय युवक, सरावां निवासी 15 वर्षीय लड़की, पुराना हमीदा निवासी 22 वर्षीय युवक, कालिदी कॉलोनी की 58 वर्षीय महिला, न्यू आबादी कैंप की 21 वर्षीय युवती, भोगपुर निवासी 15 वर्षीय लड़की, मुगलवाली निवासी 16 वर्षीय लड़की, रणजीत गार्डन से 23 वर्षीय युवक, सरावां से 14 वर्षीय लड़की, बाल छप्पर निवासी 14 वर्षीय लड़का, बिलासपुर रोड निवासी 18 वर्षीय युवती, मधु कॉलोनी से 30 वर्षीय युवक, जगाधरी सिविल लाइन से 45 वर्षीय महिला, सेक्टर-17 में 60 वर्षीय वृद्ध, जिला कारागार के पास 37 वर्षीय युवक, सरावां निवासी 13 वर्षीय लड़की, पाबनी कलां निवासी 14 वर्षीय लड़का, मॉडल टाउन निवासी 18 वर्षीय युवक संक्रमित मिले हैं।