शहर पुलिस ने सहारा इंडिया कंपनी के चेयरमैन सुब्रत रॉय, वाइस चेयरमैन ओपी श्रीवास्तव समेत 12 लोगों पर धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज किया है। इस संबंध में कंपनी में निवेश करने वाले 150 से 200 लोग शिकायत लेकर पुलिस के पास पहुंचे थे। इन्होंने करीब आठ करोड़ रुपये कंपनी में निवेश किए हुए हैं। लोगों का आरोप है कि आरोपियों ने उनके रुपये अभी तक नहीं लौटाए।
निवेशक पुराना हमीदा निवासी गुरचरण सिंह, सुनीता, आशु, कासीम, प्रवेश, संदीप, मनोज और अन्य ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्होंने सहारा इंडिया के यमुनानगर स्थित कार्यालय में कई योजनाओं के माध्यम से एफडी में निवेश किया था। तब कंपनी के अधिकारियों ने कहा था कि तय समय में उन्हें ब्याज के साथ पैसे वापस कर दिए जाएंगे। जब एफडी का समय पूरा हुआ तो उन्होंने रीजनल मैनेजर संजय त्यागी, आफिस में बैठने वाले सेक्टर मैनेजर अजय कुमार और फ्रेंचाइजी हैड जयश्री से अपने पैसे वापस मांगे। लेकिन वे उन्हें गुमराह करते रहे। कई बार चक्कर लगाने के बाद एक दिन आरोपियों ने उन्हें पैसे देने से मना कर दिया और धमकी दी कि उनके पैसे नहीं मिलेंगे। उन्होंने उन्हें झूठे केस में फंसाने तक की आरोपियों ने धमकी दी। लोगों की शिकायत पर पुलिस ने सहारा इंडिया कंपनी के चेयरमैन सुब्रत रॉय, वाइस चेयरमैन ओपी श्रीवास्तव, स्वपना रॉय, कंट्रोलिंग विभाग एवं डायरेक्टर जिया कादरी, अलख कुमार, एससीसीएसएल चेयरमैन डीके श्रीवास्तव, एमडी एससीसीएसएल कुरुनेश अवस्थी, जोनल एंड ट्रैटरी हैड प्रशांत कुमार, सहारा इंडिया के रिजनल मैनेजर संजय त्यागी, सेक्टर मैनेजर अजय कुामर, फेंचाइजी हैड जयश्री प्रसाद, एरिया मैनेजर अलीक अहमद आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज किया है। शहर थाना प्रभारी सुखबीर सिंह का कहना है कि बताया कि मामले में निष्पक्ष जांच की जाएगी।