टीकाकरण की रफ्तार बढ़ाने के लिए स्वास्थ्य विभाग की तरफ से सेंटरों की संख्या तीस से बढ़ाकर 69 कर दी गई है। इससे टीका लगवाने वालों की संख्या भी बढ़ी है। इसके अलावा महीने में पांच दिन 24 घंटे चलने वाले शिविर भी लगाए जा रहे हैं। जिले में 10 लाख से अधिक लोगों ने कोरोना से बचाव का टीका लगवा लिया है। हालांकि अभी भी जिले के 15 फीसदी लोगों ने एक भी डोज नहीं लगवाया है।
जानकारी के अनुसार अब तक तेजली और निरंकारी भवन में लगातार पांच-पांच दिन तक दिन रात शिविर चलाए गए। इसका फायदा स्वास्थ्य विभाग को मिला। इन विशेष शिविरों में उन लोगों को भी टीका लगवाने में आसानी हुई, जो सप्ताह भर दिन के वक्त नौकरी करते हैं और छुट्टी नहीं मिलने की वजह से टीका नहीं लगवा पा रहे थे। खास बात ये भी है कि जैसे जैसे टीकाकरण बढ़ता रहा, वैसे ही जिले में कोरोना के केस घटते रहे। पूरे सितंबर महीने में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या किसी भी दिन 10 से ज्यादा नहीं हुई। अभी 10 दिन से तो मरीजों की संख्या पांच से भी कम है। इनमें से भी छह दिन एक भी नया मरीज नहीं मिला।
टीकाकरण: किस उम्र वालों को कितने टीके लगे
कुल टीकाकरण-1075678
पहली डोज-794337
दूसरी डोज-281341
आयु पहली डोज दूसरी डोज कुल
18 से 44 साल 478095 104670 582765
45 से 59 साल 178247 85117 263364
60 साल से ज्यादा 123837 78599 202436
स्वास्थ्य कर्मी 8943 8386 17329
अग्रिम पंक्ति योद्धा: 5215 4569 9784
बॉक्स
ग्रामीण क्षेत्र में रादौर आगे
-वहीं ग्रामीण क्षेत्र की बात करें तो रादौर खंड के 102 गांवों में शनिवार तक 1 लाख से अधिक लोगों को पहला व दूसरा टीका लगाया जा चुका है। खंड में 18 वर्ष से अधिक लोगों की संख्या 1 लाख, 38 हजार, 986 है। जिनमें से 1 लाख 4 हजार लोगों को टीका लगाया जा चुका है। एसएमओ डॉ. विजय परमार ने बताया कि लोगों को पहली डोज के 75 हजार, 783 व दूसरी डोज के 24 हजार, 311 टीके लगाए जा चुके हैं। इस आयु वर्ग के 80 प्रतिशत लोगों को टीके लग चुके हैं। जिन लोगों को 10 जुलाई तक पहला टीका लग चुका है, ऐसे व्यक्ति अब अपना दूसरा टीका लगवा सकते हैं।
वर्जन
-सीएमओ डॉ. विजय दहिया ने बताया कि शिविरों में अब बहुत कम लोग टीका लगवाने आ रहे हैं। क्योंकि ज्यादातर लोगों को टीके लग चुके हैं। अब विभाग की ओर से गांव-गांव मोबाइल वैन भेजकर बचे हुए लोगों को टीके लगाए जाएंगे। जिनको टीका नहीं लगा है, वह इन मोबाइल वैन में आकर अपना टीका लगवाए। उन्होंने कहा कि इस महीने में टीकाकरण का 100 फीसदी लक्ष्य पूरा कर लिया जाएगा।