राष्ट्रीय राजमार्ग 344 स्थित मिल्क माजरा टोल प्लाजा पर कार में फास्ट टैग व मासिक पास लगा होने के बावजूद कर्मियों ने बैरियर नहीं हटाया। जिसपर अंबाला बीएसएनएल सर्कल ऑफिसर विजिलेंस अभिषेक गुप्ता व टोल प्लाजा के कर्मियों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि इस दौरान टोल प्लाजा के कर्मियों ने ऑफिसर का आईफोन छीन लिया और उनसे मारपीट की। बीच बचाव में आए ऑफिसर के सहयोगियों से भी मारपीट की गई। आसपास के लोगों ने बीच बचाव का झगड़ा शांत किया। पुलिस ने मामले में अभिषेक गुप्ता की शिकायत पर टोल प्लाजा के चार कर्मियों को नामजद कर जांच शुरू कर दी है।
जगाधरी के जैन नगर निवासी अभिषेक गुप्ता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अंबाला में बीएसएलएन में सर्कल ऑफिसर विजिलेंस के पद पर तैनात है।
बुधवार को वह अपनी कार से सहयोगी पुनीत गोयल, विजय कुमार, उमेश दुआ व कमल किशोर के साथ अंबाला ड्यूटी पर गया था। ड्यूटी खत्म कर बुधवार रात को वह सहयोगियों के साथ वहां से लौट रहा था। जब वह मिल्क माजरा टोल प्लाजा पर पहुंचे, तो टोल बूथ पर लगा बैरियर नहीं खुला। जिस पर उसने वहां पर तैनात कर्मियों से कहा कि कार में फास्ट टैग व मासिक पास बना हुआ है, तो टोल बैरियर क्यों नहीं खोला। इस पर कर्मी ने कहा कि फास्ट टैग में बैलेंस 90 रुपये कम है। इसके लिए और पैसा देना होगा। उसने मासिक पास के बारे में पूछा, तो कर्मी उसे पास का मैसेज दिखाने के लिए कहने लगे। जैसे ही उसने पास का मैसेज दिखाने के लिए अपना एप्पल का मोबाइल निकाला तो एक कर्मी ने उसका मोबाइल छीन लिया। जब वह मोबाइल वापस लेने के लिए कार से नीचे उतरे, तो वहां पर टोल प्लाजा के और कर्मी पहुंच गए। आरोपी कर्मियों ने उसके साथ गाली गलौज करते हुए अभद्रता की। विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की। जब उसके सहयोगी बीच बचाव के लिए आए, तो आरोपियों ने उनसे भी मारपीट की। मारपीट के दौरान आरोपियों ने उसके सहयोगी विजय कुमार के माथे पर किसी नुकीले हथियार से वार कर दिया गया। जिसमें वह घायल हो गए। इसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गए। उसने अन्य साथियों की मदद से विजय कुमार को अस्पताल पहुंचाया। जहां उसे उपचार दिया गया। इसकी शिकायत पुलिस को दी गई। छप्पर थाना पुलिस ने मामले में टोल पर लगे सीसीटीवी की फुटेज देखी। सीसीटीवी फुटेज में अभिषेक व उसके सहयोगियों के साथ टोल प्लाजा पर तैनात विश्वजीत, परमार, मंगल सिंह व चेतन आदि ने मारपीट की है। जांच के दौरान अभिषेक का मोबाइल भी सड़क किनारे पड़ा हुआ मिल गया। छप्पर थाना पुलिस ने मामले में चारों आरोपियों को नामजद करते हुए अन्य पर मारपीट व अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।