रेलवे रोड स्थित आईडीबीआई बैंक में मदद मांगने के बहाने दिव्यांग बनकर आए व्यक्ति ने सहायक प्रबंधक रीना यादव का मोबाइल चोरी कर लिया। जब आरोपी व्यक्ति बैंक से चला गया तो इसका पता चला। इसकी शिकायत पुलिस को दी गई। पुलिस ने अज्ञात पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मॉडल टाउन रीना यादव ने शहर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह रेलवे रोड पर भाटिया नगर स्थित आईडीबीआई बैंक में सहायक प्रबंधक के पद पर कार्यरत है। वीरवार दोपहर बाद करीब ढाई बजे एक व्यक्ति दिव्यांग बनकर हाथ में पर्चा लेकर बैंक में आया। पर्चे पर लिखा हुआ था कि वह सुन व बोल नहीं सकता है। पर्चा दिखाकर उसने कुछ रुपयों की मदद मांगी। जब उन्होंने उसे बाहर जाने के लिए कहा तो वह उसकी सीट के पीछे की तरफ आ गया। आरोप है कि इस दौरान उसने सीट पर रखा उसका मोबाइल चोरी से उठाकर अपने थैले में डाल लिया और वहां से निकल गया। आरोपी के जाने के बाद जब उसने अपना मोबाइल चैक किया तो वहां से गायब था। उन्होंने आशंका जताई कि दिव्यांग बनकर आए व्यक्ति ने ही उसका मोबाइल चोरी किया। उस मोबाइल में उसका बहुत सा निजी डाटा है। जिसका आरोपी गलत इस्तेमाल कर सकता है। उसने इसकी शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने मामले में अज्ञात के खिलाफ चोरी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।