यमुनानगर। कोरोना संक्रमण की रोकथाम के मद्देनजर बिना मास्क पहने दुकानदारी करने वालों पर नगर निगम की कार्रवाई बुधवार को दूसरे दिन भी जारी रही। निगम की दो टीमों ने कोविड गाइडलाइन का पालन न करने वाले 18 दुकानदारों के चालान काटे। जगाधरी में सफाई निरीक्षक अमित कांबोज की टीम ने आठ दुकानदारों के चालान किए, वहीं यमुनानगर में सफाई निरीक्षक गोविंद शर्मा की टीम ने 10 दुकानदारों पर कार्रवाई करते हुए चालान काटकर जुर्माना राशि वसूली।
सफाई निरीक्षक गोविंद शर्मा की टीम ने बुधवार को कैंप बाजार, महाराणा प्रताप चौक और रादौर रोड पर बिना मास्क पहने 10 दुकानदारों के चालान किए। इस दौरान टीम ने बिना मास्क मिले दुकानदारों को कोविड 19 नियमों के प्रति जागरूक किया। साथ ही वैक्सीन लगवाने का आह्वान किया। उधर, सफाई निरीक्षक अमित कांबोज के नेतृत्व में गठित सफाई निरीक्षक प्रदीप दहिया, अमर सिंह की टीम ने जगाधरी के विभिन्न बाजारों में बिना मास्क पहने आठ दुकानदारों के चालान किए। नगर निगम आयुक्त अजय सिंह तोमर ने कहा कि कोरोना वायरस से बचने के लिए लोग कोविड- 19 नियमों का पालन करें। जिन शहरवासियों ने अब तक वैक्सीन की दोनों डोज नहीं लगवाई है, वे जल्द से जल्द डोज लगवाएं।