बंगलूरू में मंगलवार को 1000 एटीएम बूथों पर ताला लटकने के बाद पुलिस ने अपने शहर के ‘लावारिस’ एटीएम बूथों को बंद करने की तैयारी कर ली है। इसके लिए संबंधित बैंकों को नोटिस दिए जा रहे हैं।
पुलिस के निर्देश के बाद भी बैंकों ने एटीएम की सुरक्षा के लिए कोई बंदोबस्त नहीं किए हैं। ऐसे में पुलिस कमिश्नर आलोक मित्तल ने सभी बैंकों को नोटिस जारी कर कारण पूछा है।
साथ ही एक सप्ताह में सुरक्षा बंदोबस्त पूरे करने के निर्देश दिए हैं। अगर बैंकों ने कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया तो बिना किसी नोटिस और पूर्व सूचना के एटीएम बूथ को सील कर दिया जाएगा।
बंगलूरू की घटना के बाद यहां की पुलिस ने शहर के तीन जोन के सैकड़ों एटीएम का सर्वे कराया है। पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर सभी थाना प्रभारियों ने कमिश्नर ऑफिस में अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत कर दी है।
इसके मुताबिक पूरे शहर में विभिन्न बैंकों के 500 के करीब एटीएम बूथ हैं। इनमें से 200 से अधिक बूथों पर ना सुरक्षा कर्मी तैनात हैं और न ही सीसीटीवी कैमरे लगे हैं।
पुलिस कमिश्नर ने कहा कि एटीएम बूथों की सुरक्षा गंभीर मसला है। इस पर लापरवाही कतई बर्दास्त नहीं की जा सकती है। संबंधित बैंकों को या तो एटीएम बूथों पर सुरक्षा मानक पूरे करने होंगे अन्यथा बूथ बंद करने होंगे। बैंक प्रबंधनों के साथ इसी सप्ताह बैठक तय की गई।