इंटरनेशनल ग्रैंड मास्टर्स चेस चैंपियनशिप के पांचवें दिन भी भारतीय ग्रैंड मास्टर सहज ग्रोवर अपनी बढ़त कायम रखने में सफल रहे। उनके साथ कुछ विदेशी खिलाड़ी भी सूची में शामिल हैं। इन सभी खिलाड़ियों ने छठे राउंड में अपने-अपने मुकाबले जीत कर सातवें राउंड में स्थान पक्का कर लिया है।
मुकाबला हारकर कई खिलाड़ी मैदान से बाहर हो गए हैं। उक्रेन के ग्रैंड मास्टर मार्टिन और फिलीपींस के ग्रैंड मास्टर ओलिवर बारबोसा 5-5 अंकों के साथ प्रमुख स्थान पर हैं। अमेरिकी ग्रैंड मास्टर रसेट और जॉर्जिया के ग्रैंड मास्टर टोरनिके ने भी बेहतरीन चाल चल चार अंकों के साथ दौड़ में स्थान बना रखा हुआ है। रूस के ग्र्रैंड मास्टर अलेक्जेंडर और फिलीपींस के ग्रैंड मास्टर गोम्स जॉन पॉल ने रविवार को शानदार मुकाबला जीता।
इंटरनेशनल मास्टर प्रसन्ना रघुराम कार्तिकेयन, श्याम निखिल और स्वयं मिश्रा ने भी छठे राउंड में अपना-अपना मुकाबला जीता। उनके साथ समीर कठमले और कार्थिक ने पांच-पांच अंक प्राप्त किए। गुड़गांव की नौ वर्षीय 1044 रेटिंग वाली नव्या तायल ने अपने ही जिले के वरिष्ठ शतरंज खिलाड़ी 35 वर्षीय विक्रांत वर्मा को हराया।