जिला स्वास्थ्य विभाग की टीम ने दौलताबाद में छापेमारी के दौरान बिना डिग्री के क्लीनिक चला रहे चार झोलाछाप डाक्टरों के खिलाफ राजेन्द्रा पार्क थाने में मामला दर्ज किया है। जांच के दौरान क्लीनिक संचालक सभी डाक्टरों के कागजात फर्जी पाए गए।
स्वास्थ्य विभाग ने शहर में बिना डिग्री के संचालित किए जा रहे क्लीनिकों पर पूरी तरह शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। शहर में लगातार की जा रही छापेमारी के दौरान ऐसे फर्जी क्लीनिकों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। दौलताबाद में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 27 दिसंबर को कई मेडिकल क्लीनिकों पर छापेमारी कर कागजात जब्त किए गए।
जांच के दौरान डीके क्लीनिक, डॉ. ममता क्लीनिक, जगदंबा क्लीनिक तथा जेएस राणा क्लीनिक के संचालकों की डिग्रियां फर्जी पाई गई। शुक्रवार को ड्रग्स कंट्रोलर पूजा चौधरी के बयान पर चारों क्लीनिक संचालकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करा दी गई है। पुलिस ने दो दिन पूर्व डूंडाहेडा़ गांव के फर्जी डिग्री से क्लीनिक संचालित कर रहे पांच नकली डाक्टरों को गिरफ्तार किया था।