वरिष्ठ आईएएस अधिकारी डॉ. अशोक खेमका को चार्जशीट करने के मामले में हरियाणा के जिला रोहतक में बुधवार को जयहिंद छात्र मोर्चा के छात्रों ने एमडीयू परिसर में मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा का पुतला फूंका।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि खेमका ने रॉबर्ट वाड्रा की लैंड डील के भ्रष्टाचार को उजागर किया था, जिसका बदला हरियाणा सरकार खेमका जैर्से ईमानदार अधिकारी को फंसाकर ले रही है, जिसे किसी भी कीमत पर सहन नहीं किया जाएगा।
जयहिंद छात्र मोर्चा के सदस्य छात्र नेता संदीप के नेतृत्व में हिमालय हॉस्टल के बाहर एकत्रित हुए और मुख्यमंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए मोर्चा के छात्र संदीप ने कहा कि हरियाणा सरकार डॉ. खेमका जैर्से ईमानदार अफसर को फंसा रही है।
छात्रों ने सीएम को चुनौती देते कहा कि वे हरियाणा में इस बात पर किसी भी मंच पर बहस कर लें कि वे अपने हाईकमान के इशारे पर खेमका को फंसा रहे हैं।
छात्रों ने कहा कि जनता इतनी भोली नहीं है कि वह समझ नहीं रही है कि खेमका को क्यों फंसाया जा रहा है, लेकिन जनता इसका बदला समय आने पर लेगी।
छात्र बलजीत ने कहा कि मुख्यमंत्री को इस तरह की घटिया राजनीति नहीं करनी चाहिए कि एक ईमानदार अफसर को ऐसे फंसाया जा रहा है।
इसके बाद छात्रों ने मुख्यमंत्री का पुतला फूंका। प्रदर्शनकारियों में धरमा, नीरज, संदीप, अशोक, भोपल, अजय, राकेश, रामू सहित अन्य छात्र शामिल रहे।