शहर थाना के अंतर्गत हिसार बाईपास पर बस न रोकने से नाराज छात्रों ने हरियाणा रोडवेज के बस चालक की जमकर पिटाई की और बस का अगला शीशा तोड़ दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक हमलावर छात्र फरार हो चुके थे। पुलिस ने रोडवेज चालक के बयान पर मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार हिसार बाईपास पर बड़ी संख्या में छात्र बस के इंतजार में खडे़ थे। शाम करीब पांच बजे रोहतक से हिसार जा रही बस नंबर एचआर-46सी-9252 को रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने बस नहीं रोकी। इस पर छात्रों ने बस पर पथराव शुरू कर दिया।
जैसे ही चालक ने बस रोकी तो कुछ छात्रों ने चालक धर्मबीर पर रॉड से हमला बोल दिया। बीच-बचाव करने के लिए परिचालक आया तो छात्रों ने उसके साथ भी मारपीट की।
बाद में छात्र चालक को जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से फरार हो गए। इसी बीच सूचना मिलने पर शहर पुलिस मौके पर पहुंची, परंतु तब तक हमलावर वहां से फरार हो चुके थे। पुलिस ने बस चालक के बयान पर आरोपी छात्रों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।