ओवरलोड वाहनों पर शिकंजा कसने वाली जिला परिवहन विभाग की टीम की जानकारी व्हाट्सएप ग्रुप पर साझा करने के आरोपी को टीम ने काबू कर लिया। टीम ने आरोपी की कार व मोबाइल ले लिया, लेकिन वह चकमा देकर फरार हो गए। इस पर उसके खिलाफ खरखौदा थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
क्षेत्र में चलने वाले ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई करने के लिए जिला परिवहन प्राधिकरण (आरटीओ) की एक टीम रात के समय एसआई धनराज की अगुवाई में खरखौदा क्षेत्र में थी। खरखौदा में टीम द्वारा पकड़े गए ओवरलोड वाहनों को खरखौदा के बस स्टैंड पर खड़ा किया जाता है, ताकि उनका चालान किया जा सके। इसी बीच टीम की गाड़ी का एक कार पीछा करने लगी और पीछा करते-करते खरखौदा बस स्टैंड तक आ पहुंची। संदेह होने पर टीम ने कार सवार युवक को पकड़ लिया और उसके मोबाइल की जांच की तो पाया कि उसमें बने व्हाट्सएप ग्रुप में ओवरलोड वाहन चलाने वाले मालिकों को लोकेशन की जानकारी दी जा रही थी। टीम की तरफ से पकड़े गए युवक ने अपनी पहचान राकेश के रूप में दी, जिसके मोबाइल की जांच की गई तो उसमें कई व्हाट्सएप ग्रुप ऐसे बने हुए थे, जिनमें टीम की लोकेशन को डाला जा रहा था। लेकिन इसी बीच युवक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया, जबकि उसकी कार व मोबाइल को टीम ने जब्त कर लिया। ऐसे में जांच टीम प्रभारी एसआई धनराज ने मामले से आला अधिकारियों को अवगत करवाया। इसके बाद आरोपी के खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने व सरकारी राजस्व की हानि पहुंचाने के साथ ही अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज करवाया गया है।
टीम ने एक संदिग्ध को पकड़ा था तो व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर टीम की लोकेशन की जानकारी दे रहा था। उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।
- मानव मलिक, आरटीओ, सोनीपत